रांची में पुलिस का ‘ऑल आउट एक्शन’, 25+ जगहों पर चेकिंग से असामाजिक तत्वों में हड़कंप

रांची पुलिस ने शहर में अपराध पर नकेल कसने के लिए एक साथ 25 से अधिक जगहों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया. इस अभियान में संदिग्ध वाहनों और लोगों की जांच की गई. शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई.

रांची: अपराध की रोकथाम और शहर में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से रांची पुलिस ने शुक्रवार को एक साथ 25 से अधिक स्थानों पर सघन अपराध-रोधी चेकिंग अभियान चलाया. एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने प्रमुख चौक-चौराहों और ग्रामीण इलाकों में वाहनों के साथ संदिग्ध लोगों की जांच की.

पुलिस के अनुसार, सुजाता चौक, न्यू मार्केट चौक, खेलगांव, शहीद मैदान, चांदनी चौक, बिरसा चौक, कांटाटोली, बरियातू रोड और कांके रोड समेत शहर व ग्रामीण क्षेत्र के प्रमुख स्थानों पर जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान वाहनों की जांच करने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी गयी.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सड़क पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी अपराध की रोकथाम में अहम भूमिका निभाती है. इसी उद्देश्य से अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों का गठन कर नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. जांच के दौरान संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी गयी.

शराब पीकर वाहन चलाने वालों की भी जांच

अपराध-रोधी चेकिंग के साथ रांची पुलिस ने यातायात नियमों का पालन कराने और सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए ड्रंकन ड्राइविंग के खिलाफ भी अभियान चलाया. प्रमुख चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों पर वाहन चालकों की जांच की गयी. पुलिस ने लोगों से शराब पीकर वाहन नहीं चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की.

रांची पुलिस ने आम लोगों से सुरक्षा जांच अभियान में सहयोग करने की अपील की है. पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर दें. अपराध की रोकथाम और शहरवासियों की सुरक्षा के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pranav kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >