Ramgarh: झारखंड सरकार के नव नियुक्त पर्यटन सचिव मुकेश कुमार ने मंगलवार को पतरातू लेक रिजॉर्ट का दौरा कर उसके विस्तार की बड़ी योजनाओं की घोषणा की है. उनके साथ झारखंड पर्यटन विकास निगम (जेटीडीसी) के प्रबंध निदेशक प्रेम रंजन, महाप्रबंधक राजीव कुमार सिंह, हॉट लिप्स के संचालक रंजन कुमार और लेक रिजॉर्ट प्रबंधन की ओर से दिव्या कुमारी और बुधराम महतो मौजूद थे. दौरे के दौरान पर्यटन सचिव ने कहा कि पतरातू लेक रिजॉर्ट में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है, इसी को ध्यान में रखते हुए जेटीडीसी की आवंटित भूमि पर 100 से अधिक नये कमरों का निर्माण कराया जाएगा, ताकि पर्यटकों को बेहतर ठहराव सुविधा मिल सके. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक पर्यटकों के लिए गुणवत्तापूर्ण आवास व्यवस्था नहीं होगी, तब तक स्थानीय अर्थव्यवस्था को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाएगा.
25 एकड़ में बनेगा भव्य वाटर पार्क
पर्यटन सचिव ने यह भी घोषणा की कि लेक रिजॉर्ट के सामने आवंटित 25 एकड़ भूमि पर अत्याधुनिक वाटर पार्क निर्माण की योजना पर शीघ्र कार्य शुरू किया जाएगा. इस परियोजना से न केवल पतरातू बल्कि पूरे रामगढ़ जिला में पर्यटन को नई पहचान मिलेगी.
पार्क का होगा जीर्णोद्धार
उन्होंने लेक रिजॉर्ट परिसर में बने पार्क के जीर्णोद्धार की आवश्यकता पर भी बल दिया. कहा कि पर्यटन स्थलों का नियमित रखरखाव और सौंदर्यीकरण जरूरी है, ताकि आने वाले पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके.
डैम टापू का लिया जायजा
पर्यटन सचिव और अन्य अधिकारियों ने डैम टापू पर पहुंचकर वहां की स्थिति का भी निरीक्षण किया और संभावनाओं पर चर्चा की. इस दौरे को पतरातू के पर्यटन विकास की दिशा में एक बड़ी पहल माना जा रहा है. अगर घोषित योजनाएं समय पर धरातल पर उतरती हैं, तो पतरातू लेक रिजॉर्ट राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों में और सशक्त रूप से उभर सकता है.
ये भी पढ़ें…
सोलर पंप योजना से झारखंड के 48,000 किसानों की बढ़ी आमदनी, खेती की लागत घटी
टाटा स्टील में इंजीनियर ट्रेनी की निकली बहाली, 9 मार्च तक आवेदन होंगे जमा
