पतरातू. झारखंड सरकार के मंत्री सुदीप्त कुमार सोनू के असामयिक निधन पर पतरातू स्थित होटलिप्स लेक व्यू रिसॉर्ट में रविवार को शोक सभा का आयोजन किया गया. शोक सभा में रिसॉर्ट के सभी कर्मचारी शामिल हुए. कर्मचारियों ने दिवंगत मंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी.
सहज व्यवहार और योगदान को किया याद
इस अवसर पर कर्मचारियों ने कहा कि सुदीप्त कुमार सोनू का असामयिक निधन अत्यंत दुखद और अपूरणीय क्षति है. उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के साथ-साथ उनके चाहने वालों व परिचितों में भी शोक की लहर है. कर्मचारियों ने उनके व्यक्तित्व, सहज व्यवहार और समाज के प्रति योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका निधन लंबे समय तक लोगों के बीच एक बड़ी कमी के रूप में महसूस किया जाएगा.
दो मिनट का मौन रखकर की प्रार्थना
शोक सभा के दौरान सभी कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. रिसॉर्ट प्रबंधन और कर्मचारियों ने कहा कि दिवंगत मंत्री की स्मृतियां सदैव लोगों के बीच जीवित रहेंगी और उनके योगदान को याद किया जाता रहेगा.
मौके पर कांग्रेस नेता सुजीत पटेल, जनरल मैनेजर सूरज प्रसाद गुप्ता, मैनेजर पंकज कुमार, सुपरवाइजर संजय मंडल समेत रिसॉर्ट की पूरी टीम मौजूद थी.
