चार अगस्त को नेमरा में जुटेगा झारखंड, बाबा शिबू सोरेन को दी जायेगी श्रद्धांजलि

चार अगस्त को रामगढ़ के नेमरा में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि मनाई जाएगी. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन प्रतिमा का अनावरण और विकास मेला का उद्घाटन करेंगे.

रामगढ़: दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि चार अगस्त को उनके पैतृक गांव रामगढ़ जिले के नेमरा में मनायी जायेगी. बाबा शिबू सोरेन की यादों को नेमरा गांव के लोग भूल नहीं पा रहे हैं. श्रद्धांजलि देने के लिए हर समाज व वर्ग के लोग नेमरा गांव पहुंचेंगे. सोना सोबरन प्लस टू उच्च विद्यालय, लुकैयाटांड़ परिसर में शिबू सोरेन की प्रतिमा लगायी गयी है. इसका अनावरण मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे.

पैतृक आवास के आंगन में बाबा शिबू सोरेन का श्रद्धांजलि कार्यक्रम होगा. यहां शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन, पुत्र हेमंत सोरेन, बसंत सोरेन, कल्पना सोरेन समेत परिवार के सभी सदस्य पारंपरिक सामाजिक रीति रिवाज से बाबा को याद करेंगे. शिबू सोरेन के समाधि स्थल नाड़ी दरहा नेमरा तक सड़क का निर्माण कराया गया है.

बाबा के दाह संस्कार स्थल जाकर संताली रीति रिवाज से हुए श्राद्धकर्म को याद करेंगे. श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद लुकैयाटांड़ मैदान में मुख्यमंत्री का संबोधन के साथ विकास मेला सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम होगा. इसके लिए 400 फीट का पंडाल और स्टेज बनाया गया है.


धूमकुडिया भवन

बाबा की यादों के साथ पहली पुण्यतिथि मनायेगा नेमरा : रेखा सोरेन

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक आवास नेमरा में बहन रेखा सोरेन रहती हैं. उन्होंने बताया कि बाबा की पहली पुण्य तिथि है. बाबा की नयी प्रतिमा लग रही है. हेमंत सोरेन बाबा की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद घर आयेंगे. बाबा के चित्र पर श्रद्धांजलि देने के बाद परिवार और समाज के लोगों से मिलेंगे. रेखा सोरेन ने बताया कि बाबा शिबू सोरेन हमेशा गांव वालों से पढ़ने लिखने के लिए कहते थे. गांव में खेती के बारे में लोगों से जानकारी लेते थे. इन सभी यादों को गांव वाले और परिवार के लोग महसूस करते हैं.


रेखा सोरेन

लोगों के लिए भोजन में खिचड़ी की व्यवस्था की गयी है : बिनोद किस्कू

झामुमो नेता बिनोद किस्कू श्रद्धांजलि कार्यक्रम की तैयारी में अहम भूमिका निभा रहे हैं. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बाबा शिबू सोरेन के संघर्ष के बारे में लोगों को बतायेंगे. पिछले दस दिनों से तैयारियां की जा रही हैं. यहां आने वाले सभी लोगों के लिए भोजन में खिचड़ी की व्यवस्था की गयी है. झारखंड, छतीसगढ़, ओडिशा समेत अन्य राज्यों से काफी संख्या में लोग बाबा को श्रद्धांजलि देने पहुंचेंगे.


विनोद किस्कू

बाबा आज भी लोगों के दिलों में जिंदा हैं : चंद्रशेखर उर्फ बम

बाबा शिबू सोरेन के साथ 1981 से साये की तरह साथ रहने वाले चंद्रशेखर उर्फ बम नेमरा गांव में ही मौजदू हैं. उन्होंने बताया कि शिबू सोरेन सभी लोगों के दिलों में हैं. उनकी कमी हमेशा खलती रहेगी. बाबा हमेशा कहते थे, पढ़ो लिखो हड़िया दारू छोड़ो, आगे बढ़ो. यही उनकी सोच थी. इस विरासत और सोच को अब हेमंत सोरेन आगे ले जायेंगे.

कार्यक्रम को लेकर नेमरा में तैयारियां जोरों पर

गोला प्रखंड के गोला चौक से बरलंगा चौक और लुकैयाटांड़ से नेमरा तक हजारों लोग कार्यक्रम की तैयारी को अंतिम रूप देने में लगे हैं. सड़क के दोनों ओर शिबू सोरेन व हेमंत सोरेन के पोस्टर लगाये गये हैं. बरलंगा चौक से सुथरपुर चौक तक सड़क के किनारे अस्थायी विद्युत पोल लगाये गये हैं. जगह-जगह बड़े-बड़े जेनरेटर लगे हैं.


नेमरा पैतृक आवास में हो रही तैयारी

पैतृक आवास के सामने तालाब की साफ-सफाई के साथ जगह-जगह दीवारों पर सोहराय पेंटिंग की गयी है. नेमरा अतिथि भवन के ऊपर तल्ले में राज्य के आला अधिकारियों के बैठने की व्यवस्था की गयी है. सभागार में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गांव के लोगों के साथ बैठक करेंगे. पैतृक आवास से श्मशान घाट तक लगभग एक किलोमीटर तक सड़क का भी निर्माण कराया गया है.

सुथरपुर चौक से नेमरा (पैतृक आवास) तक जाने के लिए पहाड़ी रास्ता का भी निर्माण कार्य पूरा हो गया है. पैतृक आवास के आसपास धुमकुड़िया भवन, आयुष्मान आरोग्य मंदिर भवन, आंगनबाड़ी केंद्र समेत सभी भवनों का रंग- रोगन किया गया है.


लुकैयाटांड में हो रही तैयारी

लुकैयाटांड़ में विकास मेला व परिसंपत्ति का होगा वितरण

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद लुकैयाटांड़ मैदान में विकास मेला सह परिसंपत्ति वितरण का कार्यक्रम होगा. मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर उतरने के लिए कार्यक्रम स्थल पंडाल के बगल में हैलीपैड बनाया गया है. पंडाल, स्टेज, पार्किंग स्थल, भोजन स्टॉल समेत सभी तैयारियां की गयी हैं. जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन के सभी अधिकारी कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें...

बर्मामाइंस में नशे के कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई, 6 राउंड फायरिंग, आफताब को लगी 3 गोलियां

JPSC-JSSC मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी में विपक्ष, 6 अगस्त से शुरू होगा विधानसभा का मॉनसून सत्र


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By डॉ. सलाउद्दीन

डॉ. सलाउद्दीन पिछले 30 वर्षों से प्रभात खबर के साथ निष्पक्ष, जनसरोकार और जमीनी पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं। उन्होंने रांची विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता की शिक्षा प्राप्त की तथा विनोबा भावे विश्वविद्यालय से पीएचडी की उपाधि हासिल की। उनकी उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए झारखंड सरकार की पत्रकारिता फैलोशिप से सम्मानित किया गया।

प्रभात खबर के 40 वर्ष पूरे होने पर प्रकाशित स्मारिका में जनसरोकार आधारित पत्रकारिता करने वाले चुनिंदा पत्रकारों में उन्हें विशेष स्थान मिला। झारखंड राज्य गठन के बाद प्रथम मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह की विशेष कवरेज, हजारीबाग में महिलाओं के शराबबंदी आंदोलन, दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पैतृक गांव नेमरा की रिपोर्टिंग तथा झारखंड स्थापना दिवस विशेषांक में लगातार दो वर्षों तक सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार पर शोधपरक रिपोर्टिंग उनकी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल हैं।

राजनीति और सामाजिक सरोकार से जुड़े विषयों में उनकी विशेष रुचि रही है। अपने पत्रकारिता जीवन में उन्होंने अनेक केंद्रीय नेताओं, सामाजिक आंदोलनकारियों, राष्ट्रीय खिलाड़ियों और फिल्मी हस्तियों के साक्षात्कार लिए हैं तथा महत्वपूर्ण समाचारों का व्यापक संकलन किया है। प्रभात खबर में ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने बड़ी संख्या में युवा पत्रकारों का मार्गदर्शन किया। उनके मार्गदर्शन में तैयार कई पत्रकार आज देश के विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >