रामगढ़ : विभागीय आदेश के आलोक में शुक्रवार को माध्यमिक शिक्षा निदेशक राजेश प्रसाद और संयुक्त सचिव कुंवर सिंह पाहन ने रामगढ़ जिले के तीन पीएम श्री उच्च विद्यालयों का विस्तृत निरीक्षण किया. निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालयों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, आधारभूत संरचना, पठन-पाठन की व्यवस्था एवं विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लेना था.
पीएम श्री स्कूलों में सुविधाओं और शैक्षणिक गतिविधियों का लिया जायजा
निरीक्षण के क्रम में दोनों अधिकारियों ने पीएम श्री उत्कृष्ट उच्च विद्यालय, रजरप्पा प्रोजेक्ट, पीएम श्री उत्कृष्ट उच्च विद्यालय, बरियातू तथा पीएम श्री उत्कृष्ट उच्च विद्यालय, कुल्ही का दौरा किया. इस दौरान विद्यालय परिसर, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, पेयजल एवं स्वच्छता सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया गया. अधिकारियों ने विद्यालयों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली और विद्यार्थियों से संवाद कर पठन-पाठन एवं शिक्षा की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी प्राप्त की.
ये भी पढ़ें: रामगढ़ में हाथियों के झुंड ने मचाया उत्पात, रातभर फसल रौंदकर किसानों को लाखों का किया नुकसान
पीएम श्री स्कूलों में आधुनिक सुविधाओं और नवाचार पर जोर
माध्यमिक शिक्षा निदेशक राजेश प्रसाद ने विद्यालयों के शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि पीएम श्री योजना के तहत चयनित विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता के साथ-साथ आधारभूत संरचना एवं उपलब्ध संसाधनों को आधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित किया जाना आवश्यक है. उन्होंने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा उपलब्ध कराने तथा विद्यालयों में नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया.
कार्यक्रमों का लाभ प्रत्येक छात्र-छात्रा तक पहुंचाने का निर्देश
अधिकारियों ने विद्यालय प्रशासन को विद्यालय की व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ प्रत्येक छात्र-छात्रा तक पहुंचाने का निर्देश दिया.
निरीक्षण के दौरान इन लोगों की रही मौजूदगी
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी, रामगढ़ अभय कुमार सील, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अनूप माइकल केरकेट्टा एवं सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी कुमार राज सहित संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं अन्य विभागीय कर्मी उपस्थित रहे.
ये भी पढ़ें: तुपुदाना के फैशन हाउस में चोरी, एस्बेस्टस सीट काटकर 20 हजार नगद समेत लाखों का सामान ले उड़े चोर
