कुजू. कुजू निवासी शिवा प्रसाद ने हजारीबाग टाउन रेलवे स्टेशन में पदस्थापित आरपीएफ अधिकारियों व जवानों पर युवकों के साथ मारपीट, अभद्र व्यवहार और धमकी देने का आरोप लगाया है. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पाने वाले कर्मियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग को लेकर आरपीएफ आइजी, हाजीपुर को आवेदन भेजा है. आवेदन में शिवा प्रसाद ने बताया कि 15 अगस्त को कुजू रेलवे स्टेशन के समीप खेत में कुछ युवक शौच के लिए गये थे.
इसी दौरान, पवन कुमार के साथ आरपीएफ जवानों द्वारा मारपीट करने की सूचना मिलने पर वह पहुंचे. उनका आरोप है कि वहां उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया गया. उन्हें और पवन कुमार को हिरासत में लेकर हजारीबाग टाउन रेलवे स्टेशन ले जाया गया. वहां दोनों को अन्य युवकों के साथ रखा गया.
शिवा प्रसाद ने आरपीएफ इंस्पेक्टर बाल गोविंद गंगाधर, सब-इंस्पेक्टर अमित कुमार, सिपाही देवेंद्र भारती, उमाशंकर सिंह, अभय सिंह समेत अन्य जवानों पर अभद्र व्यवहार करने और धमकी देने का आरोप लगाया है. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है.
आरपीएफ ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
आरपीएफ इंस्पेक्टर बाल गंगाधर सिंह और सब इंस्पेक्टर अमित कुमार ने दूरभाष पर आरोपों को बेबुनियाद बताया. अधिकारियों के अनुसार मामला रेलवे केबल चोरी से संबंधित है. जंगल में छानबीन के दौरान तीन युवक आरपीएफ टीम को देखकर भागने लगे थे, जिन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था. अधिकारियों ने मारपीट, अभद्र व्यवहार और धमकी देने के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि आरपीएफ ने नियमानुसार कार्रवाई की है.
