रामगढ़ः राज्य सरकार ने ऐसे राशन कार्डधारियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है, जो आयकरदाता हैं या सरकारी नौकरी में कार्यरत हैं. सरकार का उद्देश्य पात्र लाभुकों तक ही सार्वजनिक वितरण प्रणाली का लाभ पहुंचाना है. इस संबंध में खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामलों के सचिव राजेश कुमार शर्मा ने राज्य के सभी उपायुक्तों को पत्र जारी कर आवश्यक निर्देश दिए हैं.
पत्र में उपायुक्तों से कहा गया है कि वे अपने-अपने जिले में ऐसे राशन कार्डधारियों की पहचान करें, जो आयकर का भुगतान कर रहे हैं या सरकारी सेवा में कार्यरत हैं. जांच के दौरान ऐसे लाभुकों की पहचान होने पर उनके राशन कार्ड को निरस्त करने की कार्रवाई करें और उन लाभुकों पर की गयी कार्रवाई की पूरी जानकारी विभाग को उपलब्ध कराएं.
राज्सय रकार की इस पहल से अपात्र लोगों के नाम पर जारी राशन कार्डों की पहचान कर उन्हें सूची से हटाया जा सकेगा. वहीं, पात्र और जरूरतमंद लाभुकों तक राशन योजना का लाभ पहुंचाने में भी मदद मिलेगी. संबंधित जिलों में अब ऐसे कार्डधारियों की पहचान की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
ये भी पढ़ें- जेपीएससी घोटालाः टीडीपीएल के चयन के लिए किस-किस ने की पैरवी, सीआईडी को उनकी तलाश
