गोला: विधानसभा घेराव को लेकर सोमवार को गोला प्रखंड प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आयी. रांची जाने वाले वाहनों की निगरानी के लिए गोला के हेमतपुर के समीप जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान रांची की ओर जाने वाले चार पहिया वाहनों को रोककर जांच की गयी और यात्रियों से उनके गंतव्य के संबंध में जानकारी ली गयी.
जांच के दौरान प्रशासन की टीम ने विधानसभा घेराव में शामिल होने के लिए रांची जा रहे छात्रों की पहचान की. ऐसे छात्रों को मौके से ही वापस लौटाया गया. प्रशासन की ओर से यह कार्रवाई सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए की गयी.
वहीं, आम यात्रियों और अन्य लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा गया. यात्रियों से पूछताछ के बाद आवश्यक जांच पूरी कर उन्हें आगे जाने दिया गया. जांच अभियान के दौरान हेमतपुर के पास कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही पर प्रशासन की नजर बनी रही.
पुलिस कर्मियों ने भी वाहनों की जांच में सहयोग किया और स्थिति पर निगरानी रखी. मौके पर सीओ सीताराम महतो, सीआई लक्ष्मण मुंडा सहित गोला थाना पुलिस के जवान मौजूद थे.
