पंकज सोनी की रिपोर्ट
Ramgarh Turbine Blast : रामगढ़ जिले के हेहल स्थित मां छिन्मस्तिका सीमेंट एंड इस्पात प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में शुक्रवार देर रात टरबाइन ब्लास्ट होने से तीन इंजीनियरों की मौत हो गई. जबकि एक इंजीनियर गंभीर रूप से घायल हो गया. इस संबंध में फैक्ट्री में कार्यरत इंजीनियर अमित कुमार ने बताया कि टरबाइन पैनल कंट्रोल रूम का एसी बीते कई दिनों से खराब था. जिसकी शिकायत फैक्ट्री प्रबंधन से की गई थी, लेकिन प्रबंधन द्वारा इस और कोई भी सकारात्मक पहल नहीं किया गया.
ओवरहीटिंग से पैनल फेल, टरबाइन ब्लास्ट
शुक्रवार देर रात शिफ्ट इंचार्ज संजीव केसरी, इंजीनियर विनीत महतो, अभिषेक पांडेय तथा तरुण रवानी अपने ड्यूटी पर तैनात थे. रात लगभग 11:10 पर ओवरहीटिंग होने के कारण पैनल सिस्टम फेल हो गया. तैनात इंजीनियरों की टीम द्वारा इमरजेंसी सिस्टम को शुरू करने का प्रयास किया गया. लेकिन इमरजेंसी सिस्टम शुरू नहीं हो पाया. जिससे जोरदार आवाज के साथ टरबाइन ब्लास्ट कर गया.
ये भी पढ़ें: JSSC भर्ती घोटाला: 2022 में CID के पास थी अरुण की पूरी कुंडली, 4 साल बाद हुई गिरफ्तारी
तीन की मौत, एक इंजीनियर गंभीर घायल
टरबाइन ब्लास्ट के बाद उसके अंदर का तेल बाहर फैल गया, जिससे मौके पर भीषण आग लग गई. आग की चपेट में आने से शिफ्ट इंचार्ज धनबाद हाउसिंग कॉलोनी निवासी संजीव केसरी, इंजीनियर नगर ऊंटारी निवासी अभिषेक पांडेय और इंजीनियर जागेश्वर बिहार निवासी विनीत महतो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं, हजारीबाग निवासी इंजीनियर तरुण रवानी गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है. घटना के बाद फैक्ट्री के कर्मचारियों में काफी आक्रोश है.
ये भी पढ़ें: छाताबाद भूधसान पर सियासत तेज, अनूप सिंह और ढुलू महतो के बीच जुबानी जंग
