रामगढ़ से भागीरथ महतो की रिपोर्ट
Ramgarh News : डीवीसी ग्रिड ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस डिवीजन-सात रामगढ़ द्वारा मंगलवार को रामगढ़ सब-स्टेशन परिसर में उपभोक्ता अधिकार और कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य बिजली उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों, कर्तव्यों व शिकायत निवारण व्यवस्था के प्रति जागरूक करना था.
डीवीसी कार्यक्रम में अधिकारी और उपभोक्ता शामिल
कार्यक्रम में डिवीजनल इंचार्ज डीवीसी अभिक राज, चेयरमैन सह मेंबर सीजीआरएफ मैथन कल्पना हजारिका, मेंबर सीजीआरएफ मैथन योगेंद्र प्रसाद, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रामगढ़ के प्रतिनिधि रामजी, उप मुख्य कानूनी सहायता रक्षा वकील अभिनव कुमार, सहायक कानूनी सहायता रक्षा वकील सहित डीवीसी अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में बिजली उपभोक्ताओं ने भाग लिया.
उपभोक्ताओं को अधिकारों की दी गई जानकारी
शिविर में उपभोक्ताओं को सही मीटर लगाने का अधिकार, समय पर एवं सही बिजली बिल प्राप्त करने का अधिकार, गलत बिल सुधार की प्रक्रिया, अनावश्यक बिजली कटौती से सुरक्षा तथा शिकायतों के त्वरित समाधान के अधिकार की जानकारी दी गयी. कार्यक्रम में बताया गया कि यदि किसी उपभोक्ता की शिकायत स्थानीय स्तर पर नहीं सुनी जाती है, तो वह कंज्यूमर ग्रीवांस रिड्रेसल फोरम एवं इलेक्ट्रिसिटी ओम्बुड्समैन के समक्ष शिकायत कर सकता है.
साइबर फ्रॉड से बचाव को लेकर भी किया गया जागरूक
इस दौरान उपभोक्ताओं को साइबर फ्रॉड एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में भी जागरूक किया गया. अधिकारियों ने लोगों से किसी भी अनजान लिंक, कॉल या ओटीपी साझा नहीं करने तथा केवल आधिकारिक माध्यमों का उपयोग करने की अपील की.
उपभोक्ताओं से जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने की अपील
वक्ताओं ने कहा कि जागरूक उपभोक्ता ही सुरक्षित उपभोक्ता होता है. उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों के साथ जिम्मेदारियों के प्रति भी सजग रहना चाहिए, जैसे समय पर बिल भुगतान करना, बिजली चोरी से बचना एवं शिकायतों को विधिवत दर्ज कराना. शिविर के अंत में उपभोक्ताओं की समस्याओं और प्रश्नों का समाधान किया गया और पारदर्शी, जवाबदेह और उपभोक्ता हितैषी व्यवस्था विकसित करने के लिए सामूहिक सहयोग का आह्वान किया गया.
यह भी पढ़ें: धनबाद जेल पहुंचकर रजनी रवानी से मिले सांसद ढुल्लू महतो, सीबीआई जांच कराने की कही बात
यह भी पढ़ें: दो हफ्ते के अंदर जोजोबाटा में लगेगा चापाकल, अधिकारियों के साथ पहुंचे विधायक दशरथ गागराई
