रामगढ़: बीजेपी कार्यालय में प्रदेश स्तरीय बैठक संपन्न, जेपीएससी-एसएससी पेपर लीक के खिलाफ छात्रों के साथ खड़ी हुई पार्टी

रामगढ़ में झारखंड प्रदेश भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई. इस बैठक में जेपीएससी और एसएससी परीक्षाओं में धांधली के खिलाफ छात्र आंदोलन को नैतिक समर्थन देने का फैसला लिया गया. इसके साथ ही पार्टी ने प्रदेश के विकास और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी रणनीतियां बनाईं.

रामगढ़: रामगढ़ स्थित जिला भाजपा कार्यालय में शनिवार को झारखंड प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई. बैठक में संगठनात्मक मजबूती, स्थानीय समस्याओं को प्रदेश स्तर पर उठाने और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई. प्रदेश नेतृत्व ने फैसला किया है कि कार्यकर्ताओं और जनता से सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से अब प्रत्येक माह प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक राज्य के अलग-अलग जिलों में आयोजित की जाएगी.

पर्यावरण संरक्षण और महापुरुषों को नमन

बैठक की शुरुआत से पहले कार्यालय परिसर में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, गणेश मिश्रा और हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने पांच आम के पौधे लगाए. इसके पश्चात पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया.

छात्र आंदोलन को भाजपा का नैतिक समर्थन

बैठक के दौरान जेपीएससी और एसएससी समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की अनियमितताओं व कथित पेपर लीक को लेकर पिछले 20-21 दिनों से चल रहे छात्र आंदोलन पर गहन विचार-विमर्श किया गया. भाजपा नेताओं ने छात्रों की मांगों को जायज ठहराते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की और प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास घेराव को अपना नैतिक समर्थन देने की घोषणा की. पार्टी ने कार्यकर्ताओं से छात्रों के इस लोकतांत्रिक आंदोलन में सहयोग करने की अपील की है.

अन्य प्रमुख निर्णय एवं मुद्दे

बैठक में संत रविदास की 650वीं जयंती को ऐतिहासिक रूप से मनाने और रामगढ़ जिला कार्यालय को भविष्य में भाजपा के प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित करने पर सहमति बनी. इसके अलावा, खनिज संपदा से जुड़े विषयों पर राज्य सरकार की नीतियों का विरोध किया गया. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा तिरंगे के कथित अपमान के खिलाफ राज्य के सभी जिलों में पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया.

प्रमुख नेताओं की उपस्थिति

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा, आभा महतो, बालमुकुंद सहाय, प्रदीप कुमार वर्मा, सुनील सोरेन, मुनेश्वर साहू, गीता कोड़ा, प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बावरी, मनोज सिंह, सांसद मनीष जायसवाल, जिलाध्यक्ष संजीव कुमार बावला सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By शुभम राय

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >