शादी के 25 दिन बाद सड़क हादसे ने छीनी खुशियां, नव दंपत्ति की हुई मौत

Ramgarh News: रामगढ़-बोकारो मार्ग पर मारंगमरचा के पास गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में नवविवाहित दंपत्ति की मौत हो गई. शादी के महज 25 दिन बाद हुए इस हादसे ने दोनों परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया. तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को पीछे से कुचल दिया, जिससे दोनों की जान चली गई. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

सुरेंद्र कुमार/शंकर पोद्दार की रिपोर्ट 

Ramgarh News: झारखंड के रामगढ़-बोकारो मार्ग के मारंगमरचा स्थित बाबा भंडारी लाइन होटल के समीप 2 अप्रैल(गुरुवार) शाम करीब 7:45 बजे एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में नवविवाहित दंपत्ति की मौके पर ही मौत हो गई. इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया. जिस घर में कुछ दिन पहले शादी की खुशियां गूंज रही थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है. 

कैसे हुआ हादसा

मृतकों की पहचान बोकारो जिला के चांदो निवासी गौतम नायक (29 वर्ष) और उनकी पत्नी काजल देवी (25 वर्ष) के रूप में की गयी है. मिली जानकारी के अनुसार, गौतम नायक की शादी बीते 8 मार्च 2026 को काजल देवी के साथ हुई थी और शादी के महज 25 दिन बाद ही यह दर्दनाक हादसा हो गया. गुरुवार शाम दोनों पति-पत्नी रामगढ़ से अपनी होंडा बाइक (जेएच09एवाई-0357) से अपने पैतृक गांव चांदो, जिला बोकारो जा रहे थे. इसी दौरान मारंगमरचा के पास पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रेलर ने दोनों को कुचल दिया. जिससे दोनों की मौत हो गई. घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया. 

परिवार में मातम, गांव में शोक की लहर

बताया जा रहा है कि उनके घर 3 अप्रैल को पूजा का आयोजन होना था, जिसमें शामिल होने के लिए दोनों घर लौट रहे थे. लेकिन रास्ते में ही उनकी जिंदगी की डोर टूट गयी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. साथ ही दुर्घटनाग्रस्त बाइक को भी जब्त कर थाना ले जाया गया है. बताया जाता है कि गौतम नायक भारतीय सेना से जुड़े थे और पहले लद्दाख में पदस्थापित थे. हाल ही में उनका तबादला रामगढ़ कैंट (डिफेंस) में हुआ था. इस हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है. 

इसे भी पढ़ें: जामताड़ा के लखनपुर में सड़क दुर्घटना, ट्रक की टक्कर से बाइक चालक की हुई मौत

इसे भी पढ़ें: मांडू विधायक निर्मल महतो का आरोप, रामगढ़ नगर उपाध्यक्ष पर दर्ज कराया रंगदारी मांगने का मामला

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Priya Gupta

प्रिया गुप्ता प्रभात खबर के लाइफस्टाइल बीट पर 1 साल से काम कर रही हैं. यहां वे हेल्थ, फैशन और भी ट्रेंड से जुड़ी आर्टिकल लिखती हैं. ये हर लेख को दिल से लिखती है, जो पाठकों को सिर्फ जानकारी नहीं, एक एहसास पहुंचा सकें.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >