गोला : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक गांव नेमरा में गत 12 मई 2026 को हुए भीषण वज्रपात में 18 बैल और आठ गायों की मौत से प्रभावित किसानों को शुक्रवार को राहत मिली. सामुदायिक भवन नेमरा में आयोजित कार्यक्रम में रामगढ़ विधायक ममता देवी और जिला परिषद सदस्य रेखा सोरेन ने 24 किसानों के बीच मुआवजा राशि के प्राप्ति प्रपत्र का वितरण किया. इस दौरान अपर समाहर्ता मनींद्र भगत, अंचल अधिकारी सीताराम महतो, बीडीओ सुधा वर्मा, मुखिया जीतलाल टुडू सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
कार्यक्रम में कुल 24 किसानों के लिए आठ लाख 76 हजार रुपये की मुआवजा राशि स्वीकृत कर संबंधित किसानों के बैंक खातों में भेजी गयी. बैल की मृत्यु पर प्रति पशु 32 हजार रुपये तथा गाय की मृत्यु पर 37 हजार 500 रुपये की दर से सहायता राशि प्रदान की गयी. किसानों को इसी राशि का प्राप्ति प्रपत्र सौंपा गया.
गौरतलब हो कि मुख्यमंत्री के पैतृक गांव नेमरा में वज्रपात की इस घटना में एक साथ 26 मवेशियों की मौत हो गयी थी, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा था. घटना के बाद किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की थी. जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी औपचारिकताएं पूरी कीं और मात्र 66 दिनों के भीतर मुआवजा राशि किसानों के खातों में भेज दी.
इस अवसर पर विधायक ममता देवी ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों के प्रति संवेदनशील है और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है. वहीं जिला परिषद सदस्य रेखा सोरेन ने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं. कम समय में मुआवजा राशि मिलने पर किसानों ने राज्य सरकार, विधायक, पार्षद एवं पदाधिकारियों का आभार प्रकट किया. मौके पर कांग्रेस नेता अमित महतो, मनोज कुमार, कोटवार कमलेश महतो, मंशु बेदिया सहित कई ग्रामीण और प्रभावित किसान मौजूद थे.
