नेमरा में श्मशान घाट पथ निर्माण की जांच में अनियमितता, विधायक ने दोषपूर्ण गार्डवाल तोड़ने का दिया निर्देश

नेमरा में श्मशान घाट पथ और गार्डवाल निर्माण में भारी अनियमितता मिलने पर विधायक ममता देवी ने जांच कर दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

गोला : गोला प्रखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक गांव नेमरा में अनावर्त निधि से कराये जा रहे श्मशान घाट पथ एवं गार्डवाल निर्माण कार्य में शुक्रवार को जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आयी. ग्रामीणों की शिकायत पर विधायक ममता देवी ने निर्माण स्थल का औचक निरीक्षण किया.

जांच में पाया गया कि गार्डवाल की निर्धारित ऊंचाई साढ़े छह फीट के बजाय लगभग चर फीट ही बनायी गयी है. वहीं निर्धारित छह इंच आरसीसी का निर्माण भी नहीं किया गया. मशीन से खुदाई कराने पर गार्डवाल की नींव भी कमजोर और मानक से कम मिली. निर्माण कार्य में घटिया सामग्री तथा सीमेंट के स्थान पर क्रशर डस्ट के उपयोग की भी शिकायत सही पायी गयी.

अनियमितता पर विधायक ममता देवी ने अधीक्षक अभियंता और कनीय अभियंता को फटकार लगाते हुए दोषपूर्ण गार्डवाल को तत्काल तोड़कर मजबूत नींव के साथ गुणवत्ता मानकों के अनुरूप दोबारा निर्माण कराने का निर्देश दिया.

विधायक ने कहा कि अपने कार्यकाल में पहली बार इतनी गंभीर निर्माण अनियमितता देखी है. जनता के पैसे की बर्बादी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री, विभागीय मंत्री और विभागीय सचिव से करने तथा दोषी संवेदक को ब्लैकलिस्ट करने की मांग करने की बात कही.

बताते चले कि पिछले दिनों रकुवा पंचायत के श्मशान घाट से दामोदर नद तक किये जा रहे पथ निर्माण कार्य का भी उन्होंने निरीक्षण किया था. जिसमें व्यापक पैमाने पर अनियमिताएं सामने आये थे.

इस संबंध में विभागीय एसडीओ प्रमोद कुमार ने बताया कि गार्डवाल का काम चालू है. अभी काम फाइनल नहीं हुआ है. चार फीट तक जोड़ाई का काम किया गया है. जबकि उसमें साढे़ छह फिट करना है, जो समय रहते काम किया जायेगा.

निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता मनींद्र भगत, बीडीओ सुधा वर्मा, सीओ सीताराम महतो, जिला परिषद सदस्य रेखा सोरेन, मुखिया जीतलाल टुडू, बीस सूत्री के उपाध्यक्ष मनोज कोटवार, अमित महतो सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Raj Kumar

Published by: Kumarvishwat Sen

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >