गोला. गोला थाना क्षेत्र में सोलर उपकरण चोरी के आरोप में पकड़े गये छह नाबालिगों को पूछताछ के बाद छोड़ने को लेकर ग्रामीणों व किसानों में नाराजगी देखी जा रही है. जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ महीनों से क्षेत्र के विभिन्न गांवों में खेतों में लगे सोलर पंप सेटों से मोटर, तार, सोलर प्लेट समेत अन्य उपकरणों की चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. कुछ दिन पूर्व ग्रामीणों ने तीन नाबालिगों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था. ग्रामीणों का दावा है कि पूछताछ के दौरान नाबालिगों ने चोरी में संलिप्तता स्वीकार करते हुए चोरी के सामान खरीदने वाले व्यक्ति की भी जानकारी दी थी. इसके बावजूद पुलिस द्वारा आगे कोई ठोस कार्रवाई नहीं करने की चर्चा है. मंगलवार को पुलिस ने पुनः छह नाबालिगों को सोलर उपकरण चोरी मामले में पूछताछ के लिए थाना बुलाया. उन किसानों को भी बुलाया गया था. उन्होंने चोरी की शिकायत दर्ज करायी थी. आरोप है कि थाना में किसानों और नाबालिगों के अभिभावकों के बीच सुलहनामा तैयार कराया गया. इसमें 15 दिनों के भीतर चोरी हुए उपकरण वापस लगाने तथा भविष्य में ऐसी घटना नहीं दोहराने की बात दर्ज की गयी. इसके बाद नाबालिगों को छोड़ दिया गया. वहीं, सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हो रहा है. इसमें गोला थाना में पदस्थापित एक एएसआइ पर पैसे नहीं देने पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाया जा रहा है. हालांकि, वायरल वीडियो और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
चोरी के आरोप में पकड़े गये नाबालिग छोड़े गये, किसानों में नाराजगी
चोरी के आरोप में पकड़े गये नाबालिग छोड़े गये, किसानों में नाराजगी
