गोला. गोला प्रखंड के सुतरी गांव में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के अवसर पर पारंपरिक रथ मेला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन सुतरी पंचायत के मुखिया सतीश कुमार, शिक्षक विनोद कुमार एवं पूर्व उपमुखिया आनंद बेदिया ने किया. कार्यक्रम में स्थानीय एवं आमंत्रित कलाकारों ने हिंदी और नागपुरी गीतों पर आकर्षक गीत-नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मनोरंजन किया. सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर देर शाम तक दर्शक झूमते रहे और पूरा मेला परिसर भक्तिमय एवं उत्सवी माहौल में डूबा रहा.
मुख्य अतिथि मुखिया सतीश कुमार ने कहा कि भगवान जगन्नाथ अपने भक्तों की सच्ची श्रद्धा और भक्ति से प्रसन्न होकर उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं. उन्होंने कहा कि रथ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का भी माध्यम है. श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. शाम में श्रद्धालुओं ने जयकारों के बीच भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचकर मौसीबाड़ी तक पहुंचाया. धार्मिक परंपरा के अनुसार नौवें दिन रथ को पुनः मेला टांड़ लाया जायेगा.
मौके पर सत्यनारायण बेदिया, मनीष बेदिया, लखिंद्र बेदिया, नंदलाल बेदिया, प्रदीप बेदिया, धर्मेंद्र बेदिया, दीपक, काशीनाथ, खिरोधर, रितेश, सोनूलाल बेदिया, सुरेंद्र बेदिया, हलधर, संतोष, विदेशी, अजय, अमित मौजूद थे. पूरबडीह, सोनडीमरा, हेठबरगा में भी भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा, रथ मेला और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये गये.
