शावकों संग बड़कीपोना गांव में घुसा 15 हाथियों का झुंड, महिला को कुचलकर मार डाला

झारखंड के बड़कीपोना गांव में 15 हाथियों के झुंड ने मचाया उत्पात, एक महिला की कुचलकर मौत. वन विभाग और पुलिस ग्रामीणों को सतर्क रहने की दे रहे हैं चेतावनी.

सुरेंद्र कुमार और शंकर पोद्दार की रिपोर्ट चितरपुर : रजरप्पा थाना क्षेत्र के बड़कीपोना गांव में सोमवार की अहले सुबह शावकों समेत करीब 15 हाथियों का झुंड घुस आया और जमकर उत्पात मचाया. इस दौरान डाड़ीटुंगरी निवासी भानो देवी (50 वर्ष), पति फुलेश्वर महतो को हाथियों ने कुचलकर मार डाला. वहीं, जान्हें में एक महिला और एक पुरुष के घायल होने की सूचना है. बताया जाता है कि हाथियों का झुंड अहले सुबह बड़कीपोना बघलता की ओर से गांव पहुंचा. इसी दौरान डाड़ीटुंगरी में अपनी बारी में कृषि कार्य कर रही भानो देवी का सामना हाथियों से हो गया. हाथियों ने उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गयी. घटना के बाद हाथियों का झुंड बड़कीपोना रेलवे स्टेशन और ईदगाह मैदान की ओर बढ़ गया. इससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गयी.

झाड़ियों से निकल कर लारी की ओर गया हाथियों का झुंड


फिलहाल हाथियों का झुंड बड़कीपोना रेलवे ओवरब्रिज के समीप झाड़ियों से निकल कर लारी रोड होते हुए मायल स्टेशन की ओर चला गया. हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ग्रामीण अपने घरों की छतों पर चढ़ गये. झाड़ियों से हाथियों के बाहर निकलने की हर हलचल पर गांव में कई बार भगदड़ की स्थिति बनी. ग्रामीणों में भय का माहौल है.

पुलिस और वन विभाग की टीम पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना के एसआई संजय कुमार रजक और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारी लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं. मुखिया अरविंद सिंह द्वारा लगातार एनाउंसमेंट कर ग्रामीणों से हाथियों के पास नहीं जाने की अपील की जा रही है. सुरक्षा के मद्देनजर गांव के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बड़कीपोना को भी बंद करा दिया गया, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो.

वीडियो बनाने के लिए हाथियों के पास पहुंच रहे लोग

हाथियों के झुंड के ठिकाने के समीप से आद्रा-बरकाकाना पैसेंजर ट्रेन भी गुजरी. पुलिस और वन विभाग की ओर से लोगों को हाथियों से दूर रहने की चेतावनी दी गयी. इसके बावजूद कई लोग और युवा हाथियों का वीडियो बनाने के लिए झाड़ियों के पास जाते नजर आये. वन विभाग और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे हाथियों के झुंड के करीब न जाएं और सुरक्षित स्थानों पर रहें. उधर घटना की सूचना मिलने पर मृतिका भानों देवी के घर पहुंचे आजसू के केंद्रीय सचिव अमृत लाल मुंडा ने परिवार से मिल सांत्वना दी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकाश नाथ

26 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हूं. रिपोर्टिंग के साथ डेस्क का काम करने भी अनुभव प्राप्त है. खेल डेस्क में भी काम करने का अनुभव है. रुरल के संस्करणों को देखता हूं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >