कुजू: बोंगाबार स्थित जेपी रेस्टोरेंट में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने को लेकर सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं एवं उज्ज्वला फाउंडेशन के सदस्यों की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिला महामंत्री सह फाउंडेशन अध्यक्ष जगेश्वर प्रजापति ने की.
बैठक में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर में तिरंगा लगाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. इस दौरान कार्यकर्ताओं से अपने-अपने घरों में सम्मानपूर्वक तिरंगा लगाने तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की गई. साथ ही उज्ज्वला फाउंडेशन से जुड़े सदस्यों से भी अपने घरों में तिरंगा लगाने और अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया.
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री जगेश्वर प्रजापति ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है. हर घर में तिरंगा लगाना केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को प्रदर्शित करने का अवसर है.
स्वतंत्रता दिवस पर अधिक से अधिक घरों में तिरंगा फहराकर हम अपने वीर स्वतंत्रता सेनानियों और देश के लिए बलिदान देने वाले वीर जवानों को सम्मान दें. इधर उन्होंने जानकारी दिया की 15 अगस्त के बाद समारोह आयोजित कर फाउंडेशन के सक्रिय सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा.
बैठक में परमेश्वर केशरी, शांति देवी, आशा कुमारी, मनसरी देवी, कौशल्या देवी, वीणा देवी, अनिता देवी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं सदस्य उपस्थित थे.
