रामगढ़ कोर्ट परिसर में मुख्य द्वार और लिटिगेंट शेड का शिलान्यास, पार्किंग व साउंड सिस्टम का उद्घाटन

रामगढ़ व्यवहार न्यायालय में मुख्य प्रवेश द्वार और लिटिगेंट शेड का शिलान्यास हुआ। न्यायमूर्ति दीपक रोशन ने नई सुविधाओं का उद्घाटन कर न्यायिक व्यवस्था को सराहा।

रामगढ़: व्यवहार न्यायालय रामगढ़ परिसर में सोमवार को झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश-सह-प्रशासनिक न्यायाधीश, रामगढ़ न्यायमंडल दीपक रोशन ने विभिन्न न्यायिक आधारभूत संरचनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया. उन्होंने मुख्य प्रवेश द्वार और लिटिगेंट शेड का शिलान्यास तथा पार्किंग शेड और न्यायालय कक्षों में माइक और साउंड सिस्टम का उद्घाटन किया.

कार्यक्रम में न्यायमूर्ति दीपक रोशन का व्यवहार न्यायालय व जिला प्रशासन की ओर से पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया. इसके बाद जिला प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. न्यायमूर्ति दीपक रोशन ने कहा कि न्यायालय आम नागरिकों के विश्वास का केंद्र है. न्यायिक प्रक्रिया को सुगम, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं जरूरी हैं.

मुख्य प्रवेश द्वार, लिटिगेंट शेड, पार्किंग शेड व न्यायालय कक्षों में माइक-साउंड सिस्टम की सुविधाएं अधिवक्ताओं, पक्षकारों, न्यायिक पदाधिकारियों और आम लोगों के लिए उपयोगी साबित होंगी. उन्होंने न्यायालय की कार्यप्रणाली में आधुनिक तकनीक के समावेश को समय की आवश्यकता बताया. प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश मो तौफिकुल हसन ने कहा कि इन सुविधाओं से न्यायालय की कार्यक्षमता व आमजनों की सुविधा में सुधार होगा.

उन्होंने न्यायमूर्ति के मार्गदर्शन व सहयोग के लिए आभार जताया. उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि न्यायपालिका लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है. न्यायालय में नई सुविधाओं का विकास आम नागरिकों को बेहतर व सुगम न्यायिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.

मौके पर प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय राजीव आनंद, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत, जिला व अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम विशाल श्रीवास्तव, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल, सचिव सीताराम सहित न्यायिक व प्रशासनिक पदाधिकारी, अभियोजन पदाधिकारी व अधिवक्ता मौजूद थे. अधिकारियों ने न्यायालय परिसर में विकसित व प्रस्तावित सुविधाओं का अवलोकन भी किया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By डॉ. सलाउद्दीन

डॉ. सलाउद्दीन पिछले 30 वर्षों से प्रभात खबर के साथ निष्पक्ष, जनसरोकार और जमीनी पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं। उन्होंने रांची विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता की शिक्षा प्राप्त की तथा विनोबा भावे विश्वविद्यालय से पीएचडी की उपाधि हासिल की। उनकी उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए झारखंड सरकार की पत्रकारिता फैलोशिप से सम्मानित किया गया।

प्रभात खबर के 40 वर्ष पूरे होने पर प्रकाशित स्मारिका में जनसरोकार आधारित पत्रकारिता करने वाले चुनिंदा पत्रकारों में उन्हें विशेष स्थान मिला। झारखंड राज्य गठन के बाद प्रथम मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह की विशेष कवरेज, हजारीबाग में महिलाओं के शराबबंदी आंदोलन, दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पैतृक गांव नेमरा की रिपोर्टिंग तथा झारखंड स्थापना दिवस विशेषांक में लगातार दो वर्षों तक सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार पर शोधपरक रिपोर्टिंग उनकी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल हैं।

राजनीति और सामाजिक सरोकार से जुड़े विषयों में उनकी विशेष रुचि रही है। अपने पत्रकारिता जीवन में उन्होंने अनेक केंद्रीय नेताओं, सामाजिक आंदोलनकारियों, राष्ट्रीय खिलाड़ियों और फिल्मी हस्तियों के साक्षात्कार लिए हैं तथा महत्वपूर्ण समाचारों का व्यापक संकलन किया है। प्रभात खबर में ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने बड़ी संख्या में युवा पत्रकारों का मार्गदर्शन किया। उनके मार्गदर्शन में तैयार कई पत्रकार आज देश के विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >