गोला से राजकुमार की रिपोर्ट
Ramgarh News: रामगढ़ जिला के गोला बाजार समिति में प्रस्तावित डेली मार्केट निर्माण को लेकर किसानों ने उपायुक्त रामगढ़ को ज्ञापन सौंपकर कई महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं. किसानों ने मांग की है कि जिला प्रशासन द्वारा तैयार प्रस्तावित नक्शे के अनुसार ही बाजार का निर्माण कराया जाए.
किसानों के लिए चबूतरा व रेलिंग बनाने की मांग
ज्ञापन में कहा गया है कि किसानों के लिए निर्धारित स्थान पर एक फीट ऊंचा चबूतरा बनाया जाए, जिससे अतिक्रमण की संभावना समाप्त हो और किसानों को अपनी उपज बेचने में सुविधा मिल सके. साथ ही उस क्षेत्र को सुरक्षित रखने के लिए रेलिंग लगाने की भी मांग की गई.
कचरा प्रबंधन, सीसीटीवी और सोलर लाइट की भी मांग
किसानों ने बताया कि इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कचरा प्रबंधन, दाल-भात केंद्र, सीसीटीवी कैमरा और सोलर लाइट जैसी सुविधाओं पर सहमति बनी थी. उन्होंने बाजार निर्माण के दौरान इन बिंदुओं को प्राथमिकता देने का आग्रह किया.
विद्यालय स्थानांतरण व पार्किंग स्टैंड बनाने की मांग
ज्ञापन में बाजार क्षेत्र स्थित विद्यालय को अन्यत्र स्थानांतरित करने और तहसील कचहरी के सामने स्थित जर्जर भवन को हटाकर वहां पार्किंग स्टैंड बनाने की भी मांग की गयी है. किसानों ने कहा कि डेली मार्केट का निर्माण उनकी आजीविका से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है. ज्ञापन सौंपने वालों में देवेंद्र दांगी, मधु महतो, दिनेश प्रसाद दांगी, सुशीला देवी, संजय कुमार, कामेश्वर रंगीला, गौतम महतो सहित अन्य किसान शामिल थे.
यह भी पढ़ें: देवघर में चाय दुकान चलाने वाली महिला की हत्या, पुलिस जांच में जुटी
यह भी पढ़ें: धनबाद: अवैध कोयला खनन के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन, तेतुलमारी राजगंज रोड को किया जाम
