रजरप्पा, रामगढ़: रजरप्पा प्रोजेक्ट स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में सोमवार को हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में कक्षा चतुर्थ से द्वादश तक के छात्र-छात्राओं के बीच अखिल भारतीय निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गयी. विद्यार्थियों ने निर्धारित विषयों पर निबंध के माध्यम से अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किये.
प्राचार्य उमेश प्रसाद ने कहा कि हिंदी हमारी संस्कृति, परंपरा और भावनाओं की सशक्त अभिव्यक्ति है. निबंध लेखन से विद्यार्थियों की रचनात्मकता, चिंतन क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल विकसित होता है.
प्रतियोगिता चार वर्गों में हुई. शिशु वर्ग में ‘मेरे विद्यालय की दैनिक वंदना’, बाल वर्ग में ‘पंच परिवर्तन : पर्यावरण के संदर्भ में’, किशोर वर्ग में ‘वंदे मातरम् के 150 वर्ष’ तथा तरुण वर्ग में ‘नागरिक कर्तव्य : हमारा धर्म’ विषय पर निबंध लिखे गये. चयनित निबंध प्रांतीय व अखिल भारतीय स्तर पर भेजे जायेंगे.
प्रतियोगिता को सफल बनाने में डॉ गायत्री कुमारी, मिथिलेश कुमार खन्ना, राकेश कुमार सहाय, बच्चूलाल तिवारी, शेखर कुमार, इंद्रजीत सिंह, गौतम कुमार, ममता कुमारी, श्वेता पंडा, चितरंजन लाल खन्ना, देव कुमार और दिलीप कुमार सिंह का सराहनीय योगदान रहा.
