रामगढ़: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बुधवार को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल) प्रकाशित किया गया. संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की उपस्थिति में मतदाता सूची आम नागरिकों के अवलोकन के लिए उपलब्ध करायी गयी. प्रारूप प्रकाशन के साथ मतदाताओं से अपने नाम, पता, आयु, फोटो व अन्य विवरणों का सावधानीपूर्वक मिलान करने की अपील की गयी है.
मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि, नाम छूटने, नाम हटाने, संशोधन अथवा स्थानांतरण की स्थिति में निर्धारित अवधि के दौरान संबंधित प्रपत्रों के माध्यम से दावा व आपत्ति प्रस्तुत की जा सकती है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ऋतुराज ने सभी पात्र नागरिकों से मतदाता सूची का अवलोकन कर अपने विवरण का सत्यापन करने व जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक सूची में शामिल नहीं हुआ है, उनसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन देने की अपील की है.
जिला प्रशासन ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, बीएलओ व संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये हैं. साथ ही लोगों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की गयी है, ताकि जिले की मतदाता सूची सही और अपडेट हो सके.
