रामगढ़ से भागीरथ महतो की रिपोर्ट
Ramgarh News: पिछले 12 दिनों के भीतर चार बार डीजल और पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी किए जाने के बाद आम लोगों के साथ-साथ वाहन चालकों की परेशानी भी बढ़ गई है. लगातार बढ़ती कीमतों को देखते हुए रामगढ़ टैक्सी मेंस यूनियन ने भाड़ा बढ़ाने को लेकर बैठक बुलाने की घोषणा की है.
दो-तीन दिनों में होगी यूनियन की बैठक
रामगढ़ टैक्सी मेंस यूनियन के सचिव सह वरिष्ठ कांग्रेसी अरुण कुमार सिन्हा ने कहा कि डीजल-पेट्रोल की लगातार बढ़ती कीमतों के कारण भाड़ा बढ़ाने की स्थिति बन गई है. इसे लेकर अगले दो-तीन दिनों में यूनियन की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें अलग-अलग रूटों के ट्रेकर और टेंपो चालक शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि लगातार कीमत बढ़ने के बावजूद अब तक भाड़े में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई थी, लेकिन पेट्रोल 105.90 रुपये और डीजल 101.03 रुपये प्रति लीटर होने से वाहन चालकों की लागत काफी बढ़ गई है.
मामूली भाड़ा वृद्धि पर होगा विचार
अरुण कुमार सिन्हा ने कहा कि यात्रियों पर कम असर पड़े, इसे ध्यान में रखते हुए मामूली भाड़ा वृद्धि पर विचार किया जाएगा. उन्होंने कहा कि डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों से महंगाई बढ़ेगी और इसका सबसे अधिक असर गरीब और मध्यम वर्ग पर पड़ेगा. उन्होंने केंद्र सरकार से बढ़ी हुई कीमतें वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि अगर ईंधन के दाम घटते हैं, तो यूनियन भी भाड़े में कमी करेगी.
यह भी पढ़ें: Ramgarh: आर्यिका माताओं की सड़क दुर्घटना में समाधि को लेकर जैन समाज में आक्रोश, निकाली गयी मौन रैली
यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव से पहले JMM का बड़ा कदम, हॉर्स ट्रेडिंग की आशंका पर चुनाव आयोग को लिखा पत्र
