सावन की दूसरी सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, हर-हर महादेव से गूंजा रामगढ़

सावन की द्वितीय सोमवारी पर रामगढ़ के प्राचीन शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने शिवलिंग पर जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।

रामगढ़: सावन माह की द्वितीय सोमवारी के अवसर पर रामगढ़ शहर के कैथा प्राचीन शिव मंदिर, शंकर शंभू शिवालय नेहरू रोड, रामेश्वरम मंदिर थाना चौक, प्राचीन महादेव मंदिर पुरनी मंडप सहित आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न शिव मंदिरों में श्रद्धालु पहुंचे. सुबह से ही मंदिरों में भक्तों का आना शुरू हो गया था, जो दिन चढ़ने के साथ लगातार बढ़ता गया.

श्रद्धालु भगवान शिव के शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र और पुष्प अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना करते नजर आए. मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं, जहां लोग अपनी बारी का इंतजार करते हुए हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे लगाते दिखे. कई श्रद्धालु व्रत रखकर भगवान शिव की आराधना कर रहे हैं.

विशेषकर महिलाओं और युवाओं की संख्या मंदिरों में अधिक देखने को मिली. कुछ श्रद्धालु दूर-दराज के क्षेत्रों से भी जलाभिषेक करने पहुंचे, जिससे मंदिरों में सुबह से ही काफी चहल-पहल बनी रही. भीड़ को देखते हुए मंदिर समितियों और प्रशासन द्वारा व्यवस्था भी की गई थी.

कतारों को व्यवस्थित रखने, साफ-सफाई बनाए रखने व श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वयंसेवक तैनात रहे. कई स्थानों पर पेयजल और प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई. द्वितीय सोमवारी के अवसर पर पूरे रामगढ़ शहर में भक्ति व आस्था का माहौल देखने को मिला.

श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की. सावन माह के चलते आगामी सोमवारी पर भी इसी तरह श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना जताई जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By डॉ. सलाउद्दीन

डॉ. सलाउद्दीन पिछले 30 वर्षों से प्रभात खबर के साथ निष्पक्ष, जनसरोकार और जमीनी पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं। उन्होंने रांची विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता की शिक्षा प्राप्त की तथा विनोबा भावे विश्वविद्यालय से पीएचडी की उपाधि हासिल की। उनकी उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए झारखंड सरकार की पत्रकारिता फैलोशिप से सम्मानित किया गया।

प्रभात खबर के 40 वर्ष पूरे होने पर प्रकाशित स्मारिका में जनसरोकार आधारित पत्रकारिता करने वाले चुनिंदा पत्रकारों में उन्हें विशेष स्थान मिला। झारखंड राज्य गठन के बाद प्रथम मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह की विशेष कवरेज, हजारीबाग में महिलाओं के शराबबंदी आंदोलन, दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पैतृक गांव नेमरा की रिपोर्टिंग तथा झारखंड स्थापना दिवस विशेषांक में लगातार दो वर्षों तक सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार पर शोधपरक रिपोर्टिंग उनकी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल हैं।

राजनीति और सामाजिक सरोकार से जुड़े विषयों में उनकी विशेष रुचि रही है। अपने पत्रकारिता जीवन में उन्होंने अनेक केंद्रीय नेताओं, सामाजिक आंदोलनकारियों, राष्ट्रीय खिलाड़ियों और फिल्मी हस्तियों के साक्षात्कार लिए हैं तथा महत्वपूर्ण समाचारों का व्यापक संकलन किया है। प्रभात खबर में ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने बड़ी संख्या में युवा पत्रकारों का मार्गदर्शन किया। उनके मार्गदर्शन में तैयार कई पत्रकार आज देश के विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >