रामगढ़ से भागीरथ महतो की रिपोर्ट
Ramgarh: रामगढ़ शहर के गढ़बांध स्थित दामोदर नदी में रविवार सुबह नहाने के दौरान दो किशोरों के डूब जाने से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. इस हादसे में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दूसरे की तलाश जारी है. मिली जानकारी के अनुसार, 14 से 15 वर्ष की उम्र के तीन किशोर रविवार सुबह अपने घरों से फुटबॉल खेलने की बात कहकर निकले थे. इनमें दो किशोर किसान नगर और एक बंगाली टोला का रहने वाला था.
गहरे पानी में जाने से बिगड़ी स्थिति
तीनों किशोर गढ़बांध स्थित दामोदर नदी पहुंचे और नहाने के लिए पानी में उतर गए. इसी दौरान वे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. बंगाली टोला निवासी आयुष कुमार तिवारी किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा और घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी.
पतरातू के गोताखोर कर रहे दूसरे की तलाश
सूचना मिलने के बाद परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. किसान नगर निवासी प्रिंस सोनकर को पानी से बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं वैभव नामक किशोर का समाचार लिखे जाने तक कोई पता नहीं चल सका है. पतरातू से पहुंचे गोताखोर उसकी तलाश में जुटे हुए हैं.
गहरे जल क्षेत्र के कारण बढ़ा खतरा
जानकारी के अनुसार, गढ़बांध क्षेत्र में दामोदर नदी के इस हिस्से में जलापूर्ति के लिए बांध बनाए जाने के कारण पानी काफी गहरा है. घटनास्थल से किशोरों के कपड़े भी बरामद किए गए हैं.
इलाके में शोक का माहौल
इस दर्दनाक घटना के बाद रामगढ़ शहर सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है. स्थानीय लोग प्रशासन से इस क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें…
रामगढ़ : पतरातू मार्ग पर मुर्गा-मछली दुकानों से जाम और गंदगी की समस्या
रामगढ़ : सोलर ऊर्जा संयंत्र से मशीन और तार चोरी करते तीन किशोर पकड़े गए
