पतरातू. ब्रह्माकुमारीज संस्था की पूर्व मुख्य प्रशासिका परम राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि की पुण्य स्मृति के अवसर पर भारत और नेपाल के लगभग छह हजार सेवाकेंद्रों में 21 से 25 अगस्त तक रक्तदान अभियान का आयोजन हुआ. इस अभियान के तहत लगभग एक लाख यूनिट रक्तदान किया गया.
पिछले वर्ष करीब 89 हजार यूनिट रक्तदान हुआ था. यह दिवस मंगलवार को विश्व बंधुत्व दिवस के रूप में 140 देशों में मनाया गया. पीटीपीएस, पतरातू स्थित ब्रह्माकुमारीज सेवाकेंद्र में आयोजित कार्यक्रम में सेवाकेंद्र की संचालिका बीके रोशनी बहन ने दादी प्रकाशमणि के जीवन और उनके मानवता के प्रति समर्पण को याद किया.
उन्होंने कहा कि दादी जी का जीवन मन, वचन और कर्म की पवित्रता, त्याग, तपस्या और मानव सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण था. बीके रामदेव ने दादी प्रकाशमणि के जीवन से जुड़ी प्रेरणादायक घटनाओं को साझा किया. कार्यक्रम में ब्रह्माकुमार-कुमारियों ने विश्व शांति, मानवता की सेवा और विश्व बंधुत्व की भावना को मजबूत करने का सामूहिक संकल्प लिया.
