चितरपुर : भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य में उत्कृष्ट योगदान के लिए चितरपुर प्रखंड की जन सेवक सह प्रखंड कृषि पदाधिकारी चित्रा सिंह मुंडा को सम्मानित किया गया. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रामगढ़ के सिद्धू-कान्हू मैदान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया.
BAO चित्रा सिंह के योगदान का अतिथियों ने किया सराहना
समारोह में मुख्य अतिथि ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह , विशिष्ट अतिथि रामगढ़ विधायक ममता देवी एवं उपायुक्त ऋतुराज ने चित्रा सिंह मुंडा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. इस दौरान अतिथियों ने जनगणना कार्य के सफल निष्पादन में उनके योगदान और जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने की सराहना की. बताया गया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत मकानों का सूचीकरण और गणना महत्वपूर्ण कार्य है. चितरपुर में सहायक चार्ज पदाधिकारी के रूप में चित्रा सिंह मुंडा ने निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य को बेहतर ढंग से पूरा कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी.
चित्रा सिंह मुंडा : भविष्य में पूरी निष्ठा से दायित्वों का करेंगे निर्वहन
उनके कार्यों को देखते हुए जिला प्रशासन ने उन्हें सम्मानित किया. सम्मान मिलने पर श्रीमती मुंडा ने कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए गर्व के साथ-साथ प्रेरणा का विषय है. सम्मान से कार्य के प्रति जिम्मेदारी और उत्साह और बढ़ा है. भविष्य में भी वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगी. उधर, इस उपलब्धि के लिए उन्हें बीडीओ सुधा वर्मा, सीओ दीपक मिंज समेत प्रखंड एवं अंचल कर्मियों तथा जिले के सभी जन सेवकों ने बधाई दी.
ये भी पढ़ें: मांडू में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, किसानों के चेहरे पर छायी खुशी
