गोला: प्रखंड क्षेत्र के बरवाडीह सोसोकला निवासी एवं चाड़ी विद्यालय की सहायक अध्यापिका सविता बाला की इलाज के दौरान शनिवार को रांची में मौत हो गयी. मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं स्वतंत्रता दिवस का उत्सव गांव में मातम में बदल गया. बताया जाता है कि सविता बाला शुक्रवार को ड्यूटी के बाद विद्यालय से एक व्यक्ति के साथ बाइक से घर लौट रही थीं.
इसी दौरान तिरला गांव के समीप बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गयी. उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया. इलाज के दौरान शनिवार को उनकी मौत हो गयी. बताया जाता है कि सविता बाला के पति सुरेंद्र महतो पिछले एक वर्ष से बीमार हैं और बिस्तर से उठ नहीं पाते.
मृतका अपने पीछे पति और तीन पुत्रों को छोड़ गयी. एक पुत्र की शादी हो चुकी है, जबकि दो अविवाहित हैं. उनकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है. ग्रामीणों ने सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है. उधर सहायक अध्यापक संघ ने शिक्षिका की मौत पर शोक व्यक्त किया है और सरकार से परिजनों को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने की मांग की है.
