बोकारो जिला के ग्रामीणों ने आमसभा की, कहा
रामगढ़ की दूरी पैंतीस किमी, मुख्यमंत्री को भेजा जायेगा आवेदन
केदला : बोकारो जिला के पचमो पंचायत के रामगढ़ जिला में शामिल करने को लेकर पचमो के ग्रामीण करीब पंद्रह दिन से जन जागरूकता अभियान चला रहे है. इसे लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने पचमो में एक आमसभा का आयोजन किया. समारोह की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया रेणुका देवी ने तथा संचालन उमेश महतो ने किया.
मौके पर ग्रामीणों ने कहा कि पचमो पंचायत में करीब आधा दर्जन गांव आते हैं. पंचायत की आबादी करीब पंद्रह से बीस हजार है. बोकारो जिला होने के कारण प्रखंड गोमिया पड़ जाता है. जो यहां से 60 किमी की दूरी पर है. जिला के काम के लिए 100 किमी से अधिक दूरी तय करना पड़ती है. ग्रामीणों ने कहा कि जिला व प्रखंड के प्रत्येक छोटे-बड़े काम के लिये लोगों को काफी परेशान होना पड़ता है. जबकि रामगढ़ की दूरी तीस से पैंतीस किमी है. पंचायत के रामगढ़ जिला में शामिल हो जाने से लोगों को काफी सुविधा होगी.
ग्रामीणों ने कहा की एक एजेंडा तैयार कर जल्द ही रामगढ़ डीसी से मिल कर पचमो पंचायत को रामगढ़ जिला में शामिल करने की मांग की जायेगी. इसके लिए एक आवेदन मुख्यमंत्री को भेजा जायेगा. आमसभा में राम विलास प्रसाद, विगलाल महतो, जालेश्वर महतो, मनोज राम, महेश महतो, राधिका देवी, शांति देवी, गुरूचरण महतो,मालती देवी, जय प्रकाश महतो, जगरनाथ करमाली, मनोज राम, विगलाल महतो, धनेश्वर राम व अन्य ग्रामीण उपस्थित थे.
