इंटक अध्यक्ष ददई दूबे रजरप्पा पहुंचे. मां छिन्नमस्तिके की पूजा-अर्चना की
मजदूर घट कर अब ढाई लाख में पहुंचे
रजरप्पा : इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर दूबे उर्फ ददई दूबे रजरप्पा पहुंचे. इस दौरान वीआइपी रेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं ने इनका माल्यार्पण कर स्वागत किया. इसके पश्चात पत्रकारों से बातचीत के क्रम में कहा कि कोयला मजदूर के प्रति सरकार की नीति अच्छी नहीं है. साढ़े सात लाख कोयला मजदूर घट कर अब ढाई लाख में पहुंच गये हैं. नये मजदूरों की बहाली नहीं हो रही है और पुराने मजदूर सेवानिवृत्त हो रहे हैं.
उन्होंने कहा कि आउट सोर्सिंग के माध्यम से मजदूरों का शोषण हो रहा है. ठेकेदार इन्हें न्यूनतम मजदूरी भी नहीं दे रहे हैं. इस प्रथा का इंटक पूरजोर विरोध करेगी. उन्होंने कहा कि अगर सरकार मजदूरों की बहाली नहीं करती है, तो आउटसोर्सिंग के मजदूरों को स्थायी करे. श्री दूबे ने कहा कि मजदूर नौवां व दसवां वेज बोर्ड में शामिल होते हैं तो मजदूरों की मांगों को रखा जायेगा.
उन्होंने कहा कि सीसीएल को अबतक विभिन्न क्षेत्रों से 106 मांग दिया गया है. ददई दूबे ने स्थानीय इंटक नेताओं के साथ बैठक की. इससे पूर्व वे रजरप्पा मंदिर पहुंच कर मां छिन्नमस्तिके देवी की विधिवत पूजा-अर्चना की. मौके पर नन्हकूनाथ चौधरी, सुनील सिंह, राजेंद्र नाथ चौधरी, नंदकिशोर दास, प्रदीप अग्रवाल, रंजीत चटर्जी, शनिचर मांझी, मनभुल महतो, चिंतामनी प्रसाद, चंद्रशेखर पटवा, मनीष पांडेय सहित कई लोग मौजूद थे.
