रामगढ़ : शहर के मेन रोड स्थित नारायणी कांप्लेक्स के सटे एक दुकान व मकान में पुन: कुछ लोगों द्वारा ताला तोड़ कर घुस जाने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है. इस संबंध में नारायणी कांप्लेक्स के मालिक भगवान मिश्रा द्वारा रामगढ़ थाना को दिये गये आवेदन पर प्राथमिकि दर्ज की गयी है. विगत दुर्गा पूजा से उक्त जमीन, दुकान व मकान शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है. दुर्गा पूजा में कुछ लोग उक्त मकान व दुकान में घुस गये थे.
विवाद के बाद पुलिस ने लोगों को निकाल ताला लगा दिया था. लगभग डेढ़ महीने बाद पुन: उक्त मकान व दुकान में वही लोग घुस गये. इस बार कुछ संदिग्ध लोगों को भी मकान में घुसे देखा गया. फिर विवाद हुआ तथा रामगढ़ थाना में एसपी ने दोनों पक्षों के कागजात देखने के बाद घुसे लोगों को दुकान व मकान से निकलवाया. एक बार फिर मंगलवार की देर रात वही लोग इस बार महिलाओं के साथ उसी दुकान व मकान में घुस गये. इसके बाद भगवान मिश्रा ने एसपी से मुलाकात की तथा रामगढ़ थाना को एक आवेदन दिया.
जिस पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है. आवेदन में भगवान मिश्रा ने रमेश सलूजा उर्फ बबलू सलूजा व प्रमोद सलूजा (पिता स्व मदन सलूजा), सुरेश साव, प्रशांत कुमार उर्फ चोटी (पिता स्व रविंद्र नाथ गुप्ता) पर जोर जबरदस्ती मकान में घुसने की बात लिखी गयी है. लिखा गया है कि घर में रखे उनके सामानों को गायब कर दिया गया है.
नारायण मिश्रा ने रमेश व प्रमोद सलूजा के दादा को अपना किरायेदार बताते हुए लिखा है कि न्यायालय के निर्देश के बाद मकान खाली कराया गया था. साथ ही भगवान मिश्रा ने एक करोड़ रुपये रंगदारी मांगे जाने तथा जान से मारने की धमकी दिये जाने की बात भी आवेदन में लिखी थी. रामगढ़ थाना में केस नंबर 108/16 में धारा 341, 448, 452, 380, 384 व 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है. मामले की छानबीन एसआई अतीन कुमार करेंगे.
