भुरकुंडा : पतरातू प्रखंड के कुरसे पंचायत के पूर्व मुखिया रामदास बेदिया के खिलाफ सैकड़ों ग्रामीणों ने शौचालय निर्माण में लाखों रुपये गबन करने का आरोप लगाया है. इससे संबंधित एक संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन रामगढ़ डीसी व भदानीनगर पुलिस को दिया गया है. इसमें बताया गया है कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत 410 बीपीएल परिवारों के घरों में शौचालय निर्माण कराना था.
लेकिन आधे से ज्यादा शौचालय का निर्माण ही नहीं हुआ. जिसका निर्माण हुआ वह प्राक्कलन के अनुरूप नहीं है. वंचित लाभुकों ने अपनी शिकायत में बताया है कि निर्माण कार्य खुद से करने का हम लोगों ने पूर्व मुखिया से अनुरोध किया था. जिसे मुखिया ने नजरअंदाज कर रांची के एसके इंटरप्राइजेज को कार्य का जिम्मा दे दिया. सरकार से मिले पैसे में से 28.80 लाख रुपया मुखिया ने शौचालय का बगैर भौतिक सत्यापन कराये एसके इंटरप्राइजेज को भुगतान कर दिया.
जब जिला प्रशासन द्वारा इसकी खोजबीन की जाने लगी, तो अपने बचाव के लिए रामदास बेदिया ने भदानीनगर ओपी में एसके इंटरप्राइजेज के खिलाफ केस दर्ज करने का आवेदन देकर धूल झोंकने का काम कर रहे हैं. जबकि बगैर काम का एसके इंटरप्राइजेज को भुगताना यह साबित करता है कि मुखिया की इस पूरे घपले में संलिप्तता है. ग्रामीणों ने डीसी से रामदास बेदिया के कार्यकाल में हुए सभी प्रकार के कार्यों की जांच कराने की मांग की है.
