छह-सात माह से मजदूरी नहीं मिलने से नाराज असंगठित मजदूरों ने एजेएसएस के बैनर तले रजरप्पा वाशरी का काम बंद करा दिया़ प्रबंधन द्वारा मजदूरी भुगतान करने का आश्वासन दिये जाने के बाद काम शुरू हुआ़
रजरप्पा : रजरप्पा वाशरी में एजेएसएस के बैनर तले असंगठित मजदूरों ने मजदूरी की मांग को लेकर उत्पादन कार्य ठप कर दिया. जिससे सीसीएल रजरप्पा को लाखों रुपये क्षति का अनुमान है. जानकारी के अनुसार सुबह सात बजे क्लीनिंग व स्लेरी मजदूर मुख्य गेट पर पहुंच कर प्रदर्शन किया.
साथ ही कामगारों को वाशरी में घुसने नहीं दिया. जिस कारण प्रथम पाली का कार्य ठप पड़ गया. लगभग 12 बजे महाप्रबंधक कन्हैया लाल कुंडू के साथ एजेएसएस के रवींद्र प्रसाद वर्मा, सुरेश राम, लुकेश्वर चौधरी की वार्ता हुई. जिसमें कहा गया कि कई माह से ठेका मजदूरों का भुगतान बकाया है. इस बीच वार्ता में गतिरोध बना रहा. जिस कारण मजदूर भी वाशरी में लगभग चार बजे तक जमे रहें.
मजदूरों का कहना है कि यहां सैकडों मजदूर पिछले कई वर्षों से वाशरी में मेंटेनेंस का कार्य करते आ रहे हैं. लेकिन प्रबंधन द्वारा लगातार मजदूरों का शोषण किया जा रहा है. पिछले छह-सात माह से हमलोगों का मजदूरी बकाया है. जिसका भुगतान नहीं किया जा रहा है. प्रबंधन द्वारा मजदूरी भुगतान करने का आश्वासन दिये जाने के बाद मजदूरों ने आंदोलन वापस ले लिया.
