घटना के बाद दोस्त भी भाग निकले
बलकुदरा ओवरब्रिज के पास हुई दुर्घटना
भुरकुंडा : बासल थाना क्षेत्र के रामगढ़-पतरातू फोरलेन मार्ग पर बलकुदरा ओवरब्रिज से थोड़ी दूर पहले गुरुवार को एक अनियंत्रित एक नयी पल्सर मोटरसाइकिल सड़क के डिवाइडर से टकरा गयी. घटना में मोटरसाइकिल चला रहा युवक रामगढ़ नया टोला निवासी मुकुल नायक के पुत्र नीरज नायक (22) गंभीर रूप से घायल हो गया.
जबकि इसी मोटरसाइकिल पर सवार एक युवती का पैर टूट गया, जबकि दूसरी को हल्की चोट लगी है. घटना के बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से बासल ने घायल नीरज को रिम्स भिजवाया. लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी. घटना के चश्मदीदों ने बताया कि नीरज दोनों युवतियों को बैठा कर पतरातू डैम के लिए जा रहा था. उसके समकक्ष एक और यामाहा मोटरसाइकिल (जेएच09एल-6066) पर उसका दोस्त चल रहा था.
इस पर भी एक युवती बैठी हुई थी. लोगों ने बताया कि नीरज सड़क पर बीच-बीच में स्टंट भी कर रहा था. इसी दौरान यह दुर्घटना हुई. घटना के उसका दोस्त मोटरसाइकिल को छोड़ कर भाग निकला. बासल पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया है. परिजनों को सूचना दे दी गयी थी.
