अरगड्डा : अरगड्डा स्थित सीसीएल के सामुदायिक भवन में सोमवार को लोक सुनवाई कार्यक्रम का आयोजन झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पार्षद व सीसीएल के संयुक्त तत्वावधान में किया गया. इसमें मुख्य रूप से अरगड्डा कोयलांचल क्षेत्र के महाप्रबंधक एसवी मराठे व राज्य प्रदूषण नियंत्रण पार्षद हजारीबाग के आरओ रवींद्र प्रसाद उपस्थित थे.
लोक सुनवाई का आयोजन अरगड्डा खुली खदान परियोजना को चालू करने के लिए क्षेत्र में प्रदूषण व पर्यावरण के संबंध में जन जीवन पर पड़नेवाले प्रभाव को लेकर ग्रामीणों के मत जानने के लिए किया गया था. मौके पर अरगड्डा, सिरका, चपरी, कंजगी, बुमरी, हेसला, मनुआ समेत आसपास के कई गांवों के सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे. लोक सुनवाई के दौरान विभिन्न गांवों के ग्रामीणों ने अपनी बातों को रखा. इसमें ग्रामीणों ने खदान खुलने पर हर्ष व्यक्त करते हुए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड व सीसीएल प्रबंधन से यहां की जनता के हितों को ध्यान में रखने की बात कही. मौके पर अधिकारियों ने अरगड्डा खुली खदान परियोजना से संबंधित बातों को ग्रामीणों को बताया.
इसमें कहा गया कि नयी खदान से अधिकतम 2.20 एमटी उत्पादन क्षमता का लक्ष्य रखा गया है. इसके उत्खनन के लिए 308.23 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता है. लोक सुनवाई कार्यक्रम में जनता की ओर से स्थानीय नेता तिवारी महतो, धनेलाल बेदिया, हसीबुल अंसारी, छोटू पटेल, युगल राम, महादेव राम, दिलीप, प्रेम यादव आदि ने भी अपने विचार रखे.
मौके पर पीओ सिरका एसबी कुमार, एसओ सेफ्टी बीके दुबे, एसओसी आरपी प्रसाद, जेइइ रांची रामप्रवेश कुमार, गोपाल कुमार, एसओएम ओसीपी डीके सिंह, एसओएम यूजी सिरका रणधीर कुमार सिंह, संगीता व स्थानीय ग्रामीणों में कालीचरण महतो, अमरलाल महतो, रणधीर गुप्ता, राजेंद्र राम, विरेंद्र गोप, इबरार खान, अमरेश गौतम, प्रदीप ठाकुर, इंद्रनाथ महतो, मनोज गोप, परमानंद जोशी, शोले अंसारी आदि उपस्थित थे. इससे पूर्व अतिथियों व अधिकारियों का स्वागत किया गया. संचालन सतेश कुमार सिन्हा ने किया. आयोजन को सफल बनाने में निखिल कुमार चक्रवर्ती, विवेकानंद चौधरी, शिवशंकर आदि ने सहयोग किया.
