बलसगरा (रामगढ़) : डाड़ी प्रखंड स्थित हुवाग पंचायत के पटरंगी गांव में मनरेगा कुआं के धंसने से बुधवार को बलसगरा बढ़ी टोला निवासी मजदूर कौशल महतो (46) की मौत हो गयी. हुवाग निवासी अयूब मियां द्वारा कुआं का निर्माण किया जा रहा है.
खुदाई के बाद ईंट जोड़ाई का कार्य चल रहा था. अचानक कुएं के ऊपरी हिस्से की मिट्टी मजदूर कौशल पर गिर गयी. ग्रामीण मुआवजे की मांग को लेकर अड़े थे. गुरुवार को सहमति बनने पर शव को अंत्यपरीक्षण के लिए भेजा गया. सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे. मृतक के परिजनों को इंदिरा आवास, विधवा पेंशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन व मनरेगा के तहत बीमा राशि 75 हजार रुपये देने पर सहमति बनी. बीडीओ ने तत्काल 25 हजार दिये. वहीं लाभुक द्वारा तुरंत 75 हजार रुपये नकद देने की सहमति के बाद मामला शांत हो गया.
