रजरप्पा : रामगढ़ उपायुक्त ए डोड़े ने रविवार को रजरप्पा मंदिर का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने कांप्लेक्स भवन, शॉपिंग मॉल एवं भैरवी-दामोदर नदी का निरीक्षण किया. उन्होंने कहा कि आरइओ विभाग द्वारा करोड़ों रुपये की लागत से कांप्लेक्स का निर्माण किया गया है. इसका उदघाटन भी किया जा चुका है. अबतक इसे आम लोगों के लिए नहीं खोला गया है. उन्होंने कहा कि आरइओ विभाग के अधिकारियों से भवन को हैंड ओवर करने को कहा गया है.
कांप्लेक्स में बनी दुकानों में भी दुकानदारों को शिफ्ट कराने को कहा गया है. रजरप्पा मंदिर में श्रद्धालुओं को पेयजल की सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी. उन्होंने कहा कि रजरप्पा मंदिर के दूसरे छोर में भी कांप्लेक्स का निर्माण कराया जायेगा.
देश के बड़े-बड़े मंदिरों की तरह यहां भी पूजा समिति का गठन किया जायेगा. कई योजनाओं को लागू करने के लिए रांची में उच्चस्तरीय बैठक रखी गयी है. इसके पूर्व उपायुक्त एवं अन्य अधिकारियों ने रजरप्पा मंदिर में मां छिन्नमस्तिके देवी की पूजा-अर्चना की.
जनियामारा के समीप बनेगा आकर्षक द्वार : रजरप्पा मंदिर पहुंचने से लगभग दो किमी पहले जनियामारा के समीप आकर्षक द्वार बनाये जायेंगे. मौके पर एसडीओ केके राजहंस, कार्यपालक अभियंता प्रमोद कुमार सिन्हा, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कृष्ण मोहन प्रसाद, जेइ सुरेंद्र कुमार, अजय कुमार, अरविंद प्रसाद के अलावा रजरप्पा न्यास समिति के सुभाशीष पंडा, सुबोध पंडा, पप्पू पंडा आदि मौजूद थे.
हेमंत सारेन ने किया था उदघाटन
बताते चले कि पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नौ अगस्त 2014 को रजरप्पा में बनाये गये कॉम्पलेक्स भवन का उद्घाटन किया था. आठ माह बीत जाने के बावजूद भी कॉम्पलेक्स का लाभ लोगों को नहीं मिल रहा था. साथ ही सैकड़ों दुकानदार भी कॉम्पलेक्स में दुकान लेने की आस में थे. यह भवन लगभग सात करोड़ की लागत से बनाया गया है.
