गिद्दी(हजारीबाग). मांगों को लेकर संताली रैयत मूल विस्थापित ने 27 फरवरी से अनिश्चितकालीन गिद्दी सी लोकल सेल का चक्का जाम आंदोलन करने का निर्णय लिया है. विस्थापितों ने इसे लेकर बुधवार को गिद्दी सी कोलियरी प्रबंधन को पत्र दिया है.
संताली रैयत मूल विस्थापित के रतिलाल मरांडी ने कहा कि गिद्दी सी रोड सेल में संताली मूल विस्थापित कमेटी को तीन दंगल दिया गया है. 69 रोटेशन के बाद संताली विस्थापितों का पैसा रोक दिया गया है. विस्थापितों को कहा गया है कि वे लोग गिद्दी सी परियोजना के रैयत मूल विस्थापित नहीं हैं. रतिलाल मरांडी ने कहा कि हमारा जमीन व घर सीसीएल प्रबंधन ने अधिग्रहण किया है. इसका प्रमाण उनके पास है. उन्होंने आरोप लगाया कि संचालन समिति द्वारा संताली विस्थापित कमेटी को हमेशा नजरअंदाज किया गया है.
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर रोड सेल संचालन समिति व प्रबंधन द्वारा समय रहते कोई कदम नहीं उठाया गया. इस वजह से आंदोलन करने का निर्णय लिया गया है. प्रबंधन को मांग पत्र देनेवालों में मूल विस्थापित के रतिलाल मरांडी, सुरेश मांझी, सुखमल मांझी, ब्रजेश मरांडी, सुनील कुमार मरांडी, पतिलाल मांझी, चंचल मांझी आदि के नाम शामिल हैं.
