कुजू में सड़क दुर्घटना, इनोवा में फंसे थे लोग और ग्रामीण लूट रहे थे सामान

धर्मेंद्र गिरी इनोवा कार में रखे सामान, मोबाइल, पर्स आदि सब ले गये ग्रामीण हटिया (रांची) : रामगढ़ जिले के कुजू ओपी अंतर्गत पैंकी फोरलेन में इनोवा और ट्रक की हुई जबरदस्त टक्कर में रांची के हेसाग, हटिया निवासी सत्यनारायण सिंह सहित इनके परिवार के नौ लोग और चालक अंचल पांडेय फंसे हुए थे. इनमें […]

धर्मेंद्र गिरी
इनोवा कार में रखे सामान, मोबाइल, पर्स आदि सब ले गये ग्रामीण
हटिया (रांची) : रामगढ़ जिले के कुजू ओपी अंतर्गत पैंकी फोरलेन में इनोवा और ट्रक की हुई जबरदस्त टक्कर में रांची के हेसाग, हटिया निवासी सत्यनारायण सिंह सहित इनके परिवार के नौ लोग और चालक अंचल पांडेय फंसे हुए थे. इनमें से सभी की सांसें थम चुकी थीं, लेकिन उनको निकालने की जगह ग्रामीण इनोवा में रखे सामान, मोबाइल, पर्स आदि लूटने में लगे थे़ मानवता को शर्मसार करने वाली इस घटना से सभी स्तब्ध हैं.
दुर्घटनाग्रस्त इनोवा कार में सवार सभी लोगों के पास से उनका सारा सामान लूट लिया गया. मृतकों के पास न तो पर्स मिला, न ही मोबाइल. उक्त बातें हटिया रेलवे कॉलोनी से घटनास्थल पर गये शनि यादव ने कही. उन्होंने कहा कि जब हमलोग उनके रिश्तेदारों को संपर्क करने के लिए उनकी मोबाइल की तलाशी ले रहे थे, तो किसी के पास कोई मोबाइल नहीं मिला. सिर्फ एक की-पैड मोबाइल मिला.
तीन बजे बड़े भाई ने फोन कर कहा था, जगे रहना, सुबह पांच बजे पहुंच जायेंगे : शनिवार की सुबह तीन बजे अजीत कुमार सिंह ने अपने छोटे भाई रंजीत सिंह को फोन कर कहा था कि पांच बजे सुबह तक हमलोग हेसाग पहुंच जायेंगे.
तुम जगे रहना. लेकिन क्या पता था कि फिर कभी भाई और परिवार के दूसरे लोगों से मुलाकात नहीं हो पायेगी. यह कह कर रंजीत सिंह रोते-रोते बेसुध हो जा रहे थे. बता दें कि फोन से दोनों भाइयों के बीच हुई बातचीत के एक घंटे बाद चार बजे घटना घटी.
शाम 4.30 बजे हेसाग लाया गया शव, छाया मातम : सभी मृतकों का शव शाम 4.30 बजे हेसाग स्थित सत्यनारायण सिंह के घर पहुंचा, तो मुहल्ले की महिलाएं-पुरुष, बच्चे विलाप करने लगे. शव के साथ मृतकों के रिश्तेदार भी पहुंचे थे. मृतक सत्यनारायण सिंह एवं उनके पुत्र अजीत कुमार सिंह के शव का दाह संस्कार हटिया स्थित मुक्ति धाम में किया गया़ वहीं मंटू कुमार सिंह, उनकी पत्नी सरोज देवी, बेटी कली कुमारी व बेटे रौनक कुमार का शव बिहार के आरा जिले के कतिकनार गांव ले जाया गया़ वहीं सुबोध कुमार सिंह, उनकी पत्नी रिंकू देवी, बेटी रूही कुमारी तथा इनोवा के ड्राइवर अंचल पांडेय के शव का दाह संस्कार सीठियो स्थित श्मशान घाट में किया गया़ मृतक रौनक लिटिल हार्ट स्कूल में नर्सरी में पढ़ता था. घटना की सूचना मिलने पर मृतक के भाई जितेंद्र कुमार आरा से चलकर रांची पहुंचे और दाह संस्कार कार्यक्रम में शामिल हुए़
मृतक के हेसाग स्थित आवास में ये लोग पहुंचे : पूर्व डिप्टी मेयर अजयनाथ शाहदेव देर शाम पांच बजे मृतक के हेसाग स्थित आवास पहुंचे़ यहां उन्होंने मृतक के छोटे भाई रंजीत कुमार से मिल कर उन्हें ढांढ़स बंधाया़. कहा कि इस दुख की घड़ी में हम सभी आपके साथ है़ यह घटना बहुत ही दुखद है. भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे. विधायक नवीन जायसवाल भी वहां पहुंचे. कांग्रेस नेता आलोक दुबे, सुनील सहाय, संजय चौबे, गुड्डु सिंह ने भी पहुंच कर मृतक के भाई से मुलाकात की और उनका ढांढ़स बंधाया.
हटिया : स्कूल में शिक्षक-कर्मचारियों ने दी श्रद्धांजलि
हटिया : सड़क हादसे में मारी गयी कली कुमारी टेंडर हार्ट स्कूल तुपुदाना में आठवीं कक्षा की छात्रा थी. उसकी मृत्यु की सूचना मिलने पर स्कूल की प्राचार्या मंजू गार्गी व निदेशक सुधीर तिवारी के साथ शिक्षक-कर्मचारियों ने शनिवार को स्कूल परिसर में कली कुमारी के पूरे परिवार की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा. निदेशक सुधीर तिवारी ने कहा कि यह घटना बहुत ही दुखद है. ऐसे वक्त में ईश्वर उनके परिवार को दु:ख सहने की शक्ति दे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >