असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के बुढ़ापे के लिए वरदान होगा श्रम योगी पेंशन योजना : मनोज कुमार महतो
रामगढ़ : प्रखंड मुख्यालय रामगढ़ के सभागार में पांच मार्च को प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना 2019 का जागरूकता अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रम अधीक्षक रामगढ़ रमेश प्रसाद सिंह ने की. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामगढ़ नगर परिषद उपाध्यक्ष मनोज कुमार महतो, विशिष्ट अतिथि रामगढ़ बीडीओ नम्रता जोशी, वार्ड पार्षद सीता देवी, अरविंद महतो थे.
मौके पर मुख्य अतिथि रामगढ़ नगर परिषद उपाध्यक्ष मनोज कुमार महतो ने कहा कि पेंशन योजना श्रम एवं रोजगार मंत्रालय भारत सरकार द्वारा यह योजना लागू की गयी है. यह योजना असंगठित क्षेत्र में काम करनेवाले कामगारों के लिये आनेवाले दिनों में वरदान साबित होगा.
उन्होंने कहा कि असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, घरेलू कामगारों, रेहड़ी-पटरी, ठेले वालों, सिर-पीठ पर बोझा ढोने वाले मजदूरों आदि को मासिक योगदान करने से 60 वर्ष के बाद तीन हजार रुपया मासिक पेंशन मिलेगी. इस योजना में वे सभी लोग शामिल हो सकते हैं जिनकी आय 15 हजार रुपए प्रतिमाह है. तथा इनका 18 से 40 वर्ष के आयु वर्ग में हैं. इसमें पेंशन धारी के समान सरकार राशि का अंशदान करेगी. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना औपचारिक रूप से 15 फरवरी 2019 शुरू हो गया है.
इस योजना से असंगठित क्षेत्र के लगभग 42 करोड़ लोगों को फायदा होगा. इस दौरान नप उपाध्यक्ष मनोज कुमार महतो ने वीवीपैट मशीन के बारे में भी जानकारी दी, जिसका उपयोग आगामी लोकसभा चुनाव में किया जायेगा. श्रम अधीक्षक रामगढ़ रमेश प्रसाद सिंह ने बताया कि इस योजना का लाभ लेने के लिए श्रमिकों को नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर में आधार कार्ड व बचत जन-धन खाते के दस्तावेज को लेकर जाना होगा. कॉमन सर्विस सेंटर में ऑनलाइन निबंधन कराना होगा.
अधिक जानकारी के लिए केंद्र व राज्य सरकार के श्रम कार्यालयों और एलआइसी केंद्रों से संपर्क किया जा सकता है. इस योजना में शामिल होने वाले लोगों को कम से कम 55 रुपए और अधिकतम 200 रुपए का भुगतान प्रति माह करना होगा और 60 वर्ष की आयु पूरा होने पर 3000 रुपए प्रति माह पेंशन प्राप्त मिलेगी. मौके पर काफी संख्या में असंगठित क्षेत्र में काम करनेवाले कामगार मौजूद थे.
