रांची: झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों की सीबीआई जांच की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में एनडीए सांसदों ने गुरुवार को संसद भवन परिसर में प्रदर्शन किया. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू के नेतृत्व में झारखंड और ओडिशा के सांसदों ने हाथों में तख्तियां लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की.
राहुल पर छात्रों के मुद्दे पर चुप्पी साधने का आरोप
प्रदर्शन के दौरान आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे युवाओं पर पुलिस लाठीचार्ज कर रही है. दिल्ली में युवाओं के अधिकारों की बात करने वाले राहुल गांधी झारखंड की जेएमएम-कांग्रेस सरकार द्वारा छात्रों पर किए जा रहे कथित दमन पर चुप हैं. उन्होंने कहा कि जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल और उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों की सीबीआई जांच छात्रों की प्रमुख मांग है.
ये भी पढ़ें- आंदोलनकारी छात्रों के बीच पहुंचे रघुवर दास, बोले- मांगें पूरी नहीं हुईं तो मैं भी अनशन पर बैठूंगा
आदित्य साहू ने कहा कि राहुल गांधी को इस मुद्दे पर हेमंत सोरेन सरकार से स्पष्ट बात करनी चाहिए और छात्रों की जायज मांगों को पूरा कराने के लिए दबाव बनाना चाहिए. यदि राज्य सरकार छात्रों की मांगों को नहीं मानती है, तो कांग्रेस को हेमंत सरकार से अपना समर्थन वापस ले लेना चाहिए.
आधी रात बिजली काटकर छात्रों को हटाने पर उठाए सवाल
उन्होंने रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आधी रात को बिजली काटकर आंदोलनरत छात्रों को जबरन हटाने के कथित प्रशासनिक प्रयास को लोकतंत्र विरोधी बताया. साहू ने कहा कि लाठी और दमन के बल पर युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता. सरकार को छात्रों की मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करना चाहिए. प्रदर्शन में सांसद डॉ. निशिकांत दुबे, विद्युत वरण महतो, बीडी राम, डॉ. प्रदीप वर्मा, चंद्रप्रकाश चौधरी, मनीष जायसवाल, कालीचरण सिंह समेत झारखंड और ओडिशा के कई अन्य एनडीए सांसद मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें- JPSC नियुक्ति घोटाला: जिस सिंडिकेट से जुड़ा है अभय, उसका नेटवर्क पूरे देश में, दर्जनों परीक्षाओं में की है गड़बड़ी
