कोयला-लौह अयस्क से समृद्ध झारखंड में खनिज कानून का विरोध तेज, 7 सितंबर को होगा हूल उलगुलान

खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक 2026 के खिलाफ 7 सितंबर को 'हूल उलगुलान' के तहत देशभर के प्रखंड मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन होगा. आंदोलन से केंद्र सरकार से विधेयक वापस लेने और राज्यों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की मांग की जाएगी.

मांडू से फिरोज खान की रिपोर्ट

मांडू: खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 के विरोध में आगामी 7 सितंबर को हूल उलगुलान के तहत सभी प्रखंड मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया जायेगा. यह जानकारी फागु बेसरा ने दी. उन्होंने कहा कि आंदोलन के माध्यम से केंद्र सरकार से संशोधन विधेयक वापस लेने तथा झारखंड सहित खनिज-संपदा से समृद्ध राज्यों के संवैधानिक और वित्तीय अधिकारों की रक्षा करने की मांग की जायेगी.

फागु बेसरा ने कहा कि भारत एक संघीय लोकतांत्रिक गणराज्य है और संविधान में केंद्र एवं राज्यों के बीच विधायी व वित्तीय शक्तियों का स्पष्ट विभाजन किया गया है. खनिजों के विकास एवं विनियमन का अधिकार संसद के पास है, लेकिन राज्यों की कराधान शक्ति अलग संवैधानिक विषय है. उन्होंने कहा कि किसी केंद्रीय कानून के माध्यम से राज्यों के संवैधानिक कराधान अधिकारों और वित्तीय स्वायत्तता को सीमित करना संघीय ढांचे को प्रभावित कर सकता है.

उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय की नौ सदस्यीय संविधान पीठ के 25 जुलाई 2024 के निर्णय का हवाला देते हुए कहा कि न्यायालय ने खनिज अधिकारों और खनिज-युक्त भूमि पर राज्यों की कराधान शक्तियों के संबंध में महत्वपूर्ण संवैधानिक व्याख्या की है. ऐसे में नये कानून के उन प्रावधानों की संवैधानिक समीक्षा जरूरी है, जो न्यायिक रूप से मान्य राज्यों के अधिकारों को प्रभावित कर सकते हैं.

उन्होंने कहा कि झारखंड की अर्थव्यवस्था में कोयला, लौह-अयस्क समेत अन्य खनिज संसाधनों की महत्वपूर्ण भूमिका है. खनिजों से मिलने वाला राजस्व राज्य के विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और जनकल्याण का महत्वपूर्ण आधार है. ऐसे में खनिज राजस्व से जुड़े राज्यों के अधिकारों पर प्रतिकूल असर पड़ने से राज्य और स्थानीय विकास भी प्रभावित हो सकता है.

फागु बेसरा ने राष्ट्रपति से संवैधानिक हस्तक्षेप की मांग करते हुए विधेयक के विवादित प्रावधानों की समीक्षा कराने की अपील की. उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय की भावना को ध्यान में रखते हुए झारखंड सहित खनिज-संपदा सम्पन्न राज्यों की सरकारों और संबंधित हितधारकों से व्यापक परामर्श किया जाना चाहिए.

उन्होंने कहा कि यदि विधेयक का कोई प्रावधान संविधान प्रदत्त राज्यों के अधिकारों को प्रभावित करता है, तो उसे हटाया या संशोधित किया जाना चाहिए. केंद्र सरकार को इस संबंध में विस्तृत स्पष्टीकरण देना चाहिए, ताकि राज्यों के हितों और संघीय ढांचे की मर्यादा की रक्षा सुनिश्चित हो सके. उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों से मिलने वाले राजस्व का उपयोग स्थानीय विकास और जनकल्याण के लिए होना चाहिए.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By वैभव विक्रम

वैभव विक्रम प्रभात खबर डिजिटल में डिजिटल पत्रकार हैं. पिछले पांच वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और झारखंड से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों, खेल, शिक्षा, लाइफस्टाइल और धर्म से जुड़े विषयों पर काम कर रहे हैं. वर्तमान में वे प्रभात खबर के झारखंड डेस्क के रांची एडिशन के लिए जिलों की खबरें कवर कर रहे हैं.

इससे पहले वर्ष 2023-24 में उन्होंने प्रभात खबर के खेल डेस्क के लिए खबरें लिखीं. वर्ष 2024-26 के दौरान वे न्यूज11 भारत के साथ झारखंड की खबरों पर काम कर चुके हैं. स्थानीय घटनाक्रम और जमीनी मुद्दों को सरल, स्पष्ट और प्रभावी तरीके से डिजिटल पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता का प्रमुख हिस्सा रहा है.

झारखंड के समाचार, खेल, शिक्षा, लाइफस्टाइल और धार्मिक-सामाजिक गतिविधियों में उनकी विशेष रुचि है. डिजिटल पत्रकारिता में खबरों को पाठकों के लिए उपयोगी, रोचक और सहज बनाने के साथ इन विषयों पर अपने विचार और विश्लेषण प्रस्तुत करना भी पसंद करते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >