मेदिनीनगर. शहर थाना क्षेत्र के जेलहाता में मंगलवार की देर रात गोली लगने से 28 वर्षीय जितेंद्र कुमार घायल हो गया. गोली उसके दाहिनी ओर कमर से ऊपर पेट में लगी है. घटना के बाद घायल युवक को इलाज के लिए एमएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. पुलिस ने घायल युवक से घटना की जानकारी ली है और मामले की जांच में जुट गयी है.
ऑफिस से लौट रहा था युवक
घायल जितेंद्र कुमार मूल रूप से लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के सोनबरसा का रहने वाला है. वर्तमान में वह मेदिनीनगर के पॉली क्लिनिक के समीप किराये के मकान में रह रहा है. जितेंद्र के अनुसार, वह बैरिया चौक के पास बाजार समिति के सामने आर्किटेक्ट उत्तम तिवारी के यहां काम करता है. मंगलवार की रात करीब 8:30 बजे ऑफिस बंद करने के बाद वह दोपहिया वाहन से अपने किराये के मकान की ओर लौट रहा था.
सुनाई दी गोली चलने की आवाज
जितेंद्र ने बताया कि वह जेलहाता चौक के पास पहुंचा था, तभी उसे गोली चलने की आवाज सुनाई दी. आवाज सुनने के बाद उसने पीछे मुड़कर देखा, लेकिन उसे कोई व्यक्ति नजर नहीं आया. इसके बाद वह बाइक से आगे बढ़ता रहा. साहित्य समाज चौक के पास पहुंचने पर उसे महसूस हुआ कि उसे गोली लगी है. इसके बाद उसने अपने आर्किटेक्ट उत्तम तिवारी को फोन कर घटना की जानकारी दी.
उत्तम तिवारी ने अस्पताल में कराया भर्ती
जितेंद्र के फोन करने के बाद उत्तम तिवारी मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए एमएमसीएच में भर्ती कराया. घायल युवक के अनुसार, घटना के दौरान उसके आगे एक स्कूटी सवार युवक भी जा रहा था. उसने बताया कि स्कूटी सवार युवक ने उजले रंग की शर्ट पहन रखी थी. हालांकि, जितेंद्र यह स्पष्ट नहीं कर सका कि गोली उसी युवक ने चलायी थी या किसी अन्य व्यक्ति ने.
ये भी पढ़ें: बहन-बेटियों पर अत्याचार बर्दाश्त नहीं, धर्म परिवर्तन के दबाव का विरोध : शशिभूषण मेहता
गोली किसने और क्यों मारी, पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. घायल युवक ने पुलिस को घटना से संबंधित जानकारी दी है, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि जितेंद्र को गोली किसने मारी और गोली चलाने के पीछे क्या कारण था. पुलिस घटना के आसपास के क्षेत्र की जानकारी जुटाने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है. घटना को लेकर पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है.
