पलामू जिले के नावा बाजार थाना क्षेत्र के कंडा गांव में बुधवार की रात्रि एक महिला ने पारिवारिक विवाद के बाद अपनी दो मासूम बेटियों के साथ कुएं में छलांग लगा दी. घटना में दोनों बच्चियों की डूबने से मौत हो गयी. जबकि पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. घटना बुधवार रात्रि करीब 9 से 10 बजे की बतायी जा रही है. पुलिस और ग्रामीणों के अनुसार छोटे लाल प्रजापति की पत्नी सरिता देवी का पति के साथ विवाद हुआ था. इसके बाद सरिता ने अपनी दो सोई हुई बेटियों प्रिया कुमारी (4 वर्ष 6 माह) और डॉली कुमारी (2 वर्ष) को घर के पास स्थित कुएं में फेंक दिया. इसके बाद वह तीसरी बड़ी बेटी को लेने कमरे में गयी. बड़ी बेटी के शोर मचाने पर वह उसे छोड़कर आई और खुद भी 12 फीट गहरे पानी वाले कुएं में कूद गयी. ग्रामीणों ने सरिता देवी को जीवित बाहर निकाल लिया, लेकिन दोनों बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गयी.
बेटियां होने पर प्रताड़ना का आरोप
ग्रामीणों के मुताबिक छोटे लाल प्रजापति रोजाना शराब पीकर पत्नी के साथ मारपीट करता था. तीन बेटियां होने के कारण महिला को लगातार प्रताड़ित किया जाता था. इसी मानसिक तनाव की वजह से महिला द्वारा यह कदम उठाये जाने की आशंका है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया. थाना प्रभारी संजय कुमार यादव के निर्देश पर सब इंस्पेक्टर सुबोध कुमार गुप्ता ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लिया. पंचनामा के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सीएच हॉस्पिटल मेदिनीनगर भेजा गया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये. नावा बाजार पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी सरिता देवी को गिरफ्तार किया. पूछताछ में जुर्म स्वीकार करने के बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है.
