मेदिनीनगर. पलामू में धार्मिक उल्लास के बीच सोमवार को श्रीगणेश चतुर्थी महोत्सव शुरू हुआ. जिला मुख्यालय मेदिनीनगर समेत कई जगहों पर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की गयी. वैदिक मंत्रोच्चार और गणपति के जयघोष से वातावरण भक्तिमय रहा.
सुदना देवी मंडप में 10 दिवसीय महोत्सव शुरू
शहर के सुदना स्थित देवी मंडप में 10 दिवसीय गणेश महोत्सव का शुभारंभ हुआ. यजमान सूरज तिवारी और अर्चना तिवारी ने पूजा अनुष्ठान किया. आचार्य पंडित प्रभु नारायण पाठक ने विधि-विधान से पूजा संपन्न करायी. पूजा के बाद आरती हुई और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया.
आचार्य ने भगवान गणेश की महिमा बताते हुए कहा कि उनकी भक्ति और उपासना से विघ्न-बाधाएं दूर होती हैं तथा सुख-शांति का मार्ग प्रशस्त होता है.
23 सितंबर तक होगी गणेश पुराण की कथा
भगवान गणेश के जन्मोत्सव के अवसर पर मानसी सिंह ने केक काटकर खुशी मनायी. महंत अभिमन्यु ओझा ने बताया कि मंगलवार की शाम पांच बजे से प्रतिदिन 23 सितंबर तक श्रीगणेश पुराण की कथा होगी. 24 सितंबर को प्रतिमा का विसर्जन किया जायेगा.
महोत्सव में नवल तिवारी, धनंजय सिंह, विनोद अग्रवाल, सुधीर सोनी, कालिंदा ओझा, गुड़िया, सुरुचि, शशिकला, रूपा, बसंती, अमृता, आरव, आशा, आस्था, शांति समेत काफी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए.
