मेदिनीनगर. गयाजी जिले के डुमरिया प्रखंड के दुबाठ गांव निवासी शंभू यादव सीढ़ी से गिरने के बाद सिर में गंभीर चोट लगने से घायल हो गये थे. हालत बिगड़ने पर उन्हें मेदिनीनगर के नावाटोली स्थित नारायण अस्पताल लाया गया. गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एक दिन वेंटिलेटर पर रखा गया. जांच में डेंगू पॉजिटिव आने के बाद चिकित्सकों ने इलाज के दौरान विशेष सावधानी बरती.
दूरी कम होने के बावजूद मेदिनीनगर पहुंचे परिजन
परिजनों के अनुसार दुबाठ से गयाजी की दूरी मेदिनीनगर से कम है, लेकिन उन्हें नारायण अस्पताल में किये जा रहे सफल ऑपरेशन और चिकित्सक डॉ राहुल अग्रवाल पर भरोसा था. परिवार के कई सदस्यों का पूर्व में यहां सफल ऑपरेशन हो चुका है. इसी विश्वास और भरोसे के कारण गंभीर स्थिति में भी शंभू को लेकर परिजन मेदिनीनगर पहुंचे.
चार चिकित्सकों की टीम ने किया उपचार
न्यूरो सर्जन डॉ अशोक मुंडा, ऑर्थो सर्जन डॉ राहुल अग्रवाल, सर्जन डॉ दीपक कुमार और फिजिशियन डॉ गौरव अग्रवाल की टीम ने मरीज का उपचार किया. डॉ राहुल ने बताया कि आवश्यक जांच के बाद गंभीर सिर की चोट को देखते हुए ऑपरेशन का निर्णय लिया गया. चिकित्सकों की टीम ने सफल ऑपरेशन किया.
ऑपरेशन के बाद स्थिति में सुधार
ऑपरेशन के बाद शंभू की स्थिति में बेहतर सुधार है और उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है. परिजनों ने बताया कि शंभू की गंभीर हालत देखकर उन्हें एक समय उनके ठीक होने की उम्मीद नहीं थी. सफल ऑपरेशन के बाद परिवार ने राहत की सांस ली. परिजनों ने चिकित्सकों की टीम के प्रति आभार जताया.
