नगर निकाय चुनाव की तैयारी तेज, मतगणना कर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण

23 फरवरी को मतदान, 27 फरवरी को मतगणना

23 फरवरी को मतदान, 27 फरवरी को मतगणना मेदिनीनगर. राज्य निर्वाचन आयोग की देखरेख में पलामू जिले के पांच नगर निकायों में चुनाव की प्रक्रिया चल रही है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी समीरा एस की देखरेख में चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां की जा रही हैं. चुनाव से जुड़े सभी कोषांगों के पदाधिकारी व कर्मचारी तैयारियों में जुटे हुए हैं. शांतिपूर्ण माहौल में स्वच्छ, निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से नगर निकाय चुनाव संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन दृढ़ संकल्पित है. निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार 23 फरवरी को सभी नगर निकायों के बूथों पर मतदान होगा, जबकि 27 फरवरी को मतगणना कार्य संपन्न कराया जायेगा. डीसी के निर्देश पर प्रशिक्षण कोषांग द्वारा पहले मतदान कार्य से जुड़े पीठासीन पदाधिकारी व कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया था. इसी क्रम में गुरुवार को 26 मास्टर ट्रेनरों ने मतगणना कार्य के लिए पर्यवेक्षकों व मतगणना सहायकों सहित 300 से अधिक कर्मियों को प्रशिक्षण दिया. जीएलए कॉलेज भवन के 10 कमरों में प्रशिक्षण की व्यवस्था की गयी थी. बताया गया कि नगर निकाय चुनाव को लेकर गणेश लाल अग्रवाल कॉलेज में स्ट्रांग रूम बनाया गया है. कॉलेज परिसर में ही 27 फरवरी को मतगणना कार्य संपन्न कराया जायेगा. बैलेट पेपर से होगी मतगणना प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों ने मतगणना पर्यवेक्षक व सहायकों को चरणबद्ध तरीके से मतगणना की प्रक्रिया समझायी. बताया गया कि नगर निकाय चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से कराये जा रहे हैं, इसलिए मतगणना भी बैलेट पेपर से ही होगी. मास्टर ट्रेनरों ने मतों की गिनती, मतों की वैधता व अवैधता की जांच, चक्रवार मतों की गणना, प्रपत्रों की पूर्ति और रिपोर्टिंग से संबंधित सभी बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी. छोटी गलती भी बना सकती है विवाद मास्टर ट्रेनरों ने बताया कि मतगणना कार्य अत्यंत संवेदनशील और जिम्मेदारी भरा होता है. छोटी सी त्रुटि भी विवाद की स्थिति उत्पन्न कर सकती है. इसलिए सभी कर्मियों को निर्देश दिया गया कि प्रशिक्षण में बताये गये नियमों और प्रक्रियाओं का अक्षरशः पालन करें. प्रशिक्षण में मतगणना कक्ष की व्यवस्था, टेबलवार जिम्मेदारियां, बैलेट बंडल की सील जांच, प्रत्येक राउंड के मतों की घोषणा, अभ्यर्थियों के एजेंटों की उपस्थिति और अंतिम परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया पर भी विस्तार से जानकारी दी गयी. प्रशिक्षण कोषांग के पदाधिकारियों ने कहा कि सभी कर्मी समय पर उपस्थित होकर अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि मतगणना कार्य शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराया जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akarsh aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >