प्रभात खबर कर्मी की सूझबूझ और तत्परता से बची महिला सहित 3 मासूम की जान

Palamu: पलामू में प्रभात खबर कर्मी की तत्परता और सूझबूझ से महिला सहित तीन मासूम बच्चों की जान बच गई. दरअसल महिला आत्महत्या के इरादे से अपने तीन मासूम बच्चों के साथ भीम बराज पर पहुंची थी और वहां से कूदने के बारे में सोच रही थी. प्रभात खबर कर्मी संतोष मेहरा को अंदेशा हुआ और उन्होंने पुलिस बुलाकर सभी की जान बचाई. पूरी रिपोर्ट नीचे पढ़ें...

कुंदन चौरसिया
Palamu (मोहम्मदगंज): भीम बराज में रविवार की सुबह तीन मासूम बच्चों संग कूदकर जान देने जा रही महिला की प्रभात खबर कर्मी की सूझबूझ से जान बच गयी. इस सराहनीय पहल के बाद एक परिवार उजड़ने से बच गया. इस मानवीय पहल ने न सिर्फ चार जिंदगियों को नई उम्र दी, बल्कि समाज में इंसानियत की एक अनूठी मिसाल भी पेश की है.

राहगीरों से मदद की गुहार लगा रहा था मासूम, लोग समझे भिखारी

जानकारी के अनुसार, कांडी थाना क्षेत्र के भंडरिया गांव की दीपक राजवार की पत्नी लक्ष्मी देवी (29 वर्ष) शराबी पति की रोज-रोज की प्रताड़ना और घर में भुखमरी से तंग आकर आत्मघाती कदम उठाने भीम बराज पहुंची थी. इस दौरान बराज पर राहगीरों की आवाजाही जारी थी. लक्ष्मी के 9 वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार को अपनी मां के खतरनाक मंसूबों का अहसास हो गया था. वह बराज से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को रोककर मदद की गुहार लगा रहा था, लेकिन बच्चा होने के कारण लोग उसे तरजीह नहीं दे रहे थे. राहगीरों को लग रहा था कि बच्चा उनसे पैसे मांग रहा है.

प्रभात खबर कर्मी ने भांपा खतरा, पुलिस को दी सूचना

इसी बीच बराज पार कर रहे प्रभात खबर के मार्केटिंग ऑफिसर संतोष मेहरा निजी काम से वहां से गुजर रहे थे. उनके साथ उनकी पत्नी सीमा देवी भी थीं. उन लोगों की नजर बराज के पायदान पर खड़ी लक्ष्मी और उसके बच्चों पर पड़ी. महिला का गहरे पानी की ओर देखना उन्हें नागवार लगा. उन्होंने जैसे ही बाइक रोका, मासूम अंकुश ने रोते हुए बताया कि उसकी मां सबको लेकर बराज में कूदने वाली है. खतरा भांपते ही संतोष मेहरा ने बिना वक्त गंवाये मोहम्मदगंज पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही मोहम्मदगंज थाना के एएसआई शेख अमानुल्लाह, चालक अर्जुन राम के साथ तत्काल भीम बराज पर पहुंचे.

पुलिस ने महिला के पति को लगाई फटकार

पुलिस ने सूझबूझ से काम लेते हुए महिला को समझाया और तीनों बच्चों समेत सुरक्षित कब्जे में लेकर थाना पहुंचे. भूख से बिलख रहे बच्चों को पहले भोजन कराया गया. इसके बाद आरोपी पति को थाना बुलाकर पुलिस ने उसकी हरकतों पर कड़ी फटकार लगाई और दोबारा ऐसा न करने की चेतावनी दी. इसके बाद पूरे परिवार को सुरक्षित घर भेज दिया गया. स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रभात खबर कर्मी की इस त्वरित और मानवीय पहल की सराहना की.

ये भी पढ़ें…

Palamu: प्रेम प्रसंग से नाराज मौसा ने की थी पवन की हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Latehar: हक के लिए अफसरों से आर-पार की लड़ाई लड़ेगा वन श्रमिक यूनियन, 19 मई से आंदोलन तेज

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >