शिवेंद्र कुमार की रिपोर्ट
Palamu: पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुई पवन कुमार सिंह (18 वर्ष) की मौत मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस जांच के अनुसार, पवन की हत्या उसके मौसा रवि सिंह ने की थी और साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को पेड़ से लटका दिया था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. इस संबंध में प्रशिक्षु डीएसपी राजेश यादव ने जानकारी देते हुए कहा कि पवन का एक 28 वर्षीय विवाहित महिला के साथ प्रेम प्रसंग था. इससे उसका मौसा नाराज था.
डंडे से मारकर की गई हत्या
शुक्रवार की रात जब पवन महिला के घर गया, तो वहां मौजूद रवि सिंह ने उसे देख लिया. आवेश में आकर रवि ने पवन के सिर पर डंडे से प्रहार किया, जिससे उसकी मौत हो गयी. घटना के बाद आरोपी ने मामले को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया. वह शव को ढुलसुलमा स्थित हड़ही पहाड़ ले गया और वहां एक पेड़ से लटका दिया. पुलिस को सूचना मिलने पर जब शव बरामद किया गया, तो गले पर मौजूद निशानों से हत्या की आशंका हुई, जिसके बाद जांच आगे बढ़ाई गयी.
आरोपी ने कबूला अपराध
पुलिस हिरासत में आरोपी रवि सिंह ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त साढ़े तीन फीट का बांस का डंडा भी बरामद कर लिया है. इससे पूर्व, मृतक के पिता ने अन्य लोगों पर भी संदेह व्यक्त किया था. इस उद्भेदन में प्रभारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर राजेश यादव, पांकी पुलिस निरीक्षक, सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार और अन्य पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
ये भी पढ़ें…
