पलामू. एसपी कपिल चौधरी के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को कानून और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किये गये. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता समेत विभिन्न कानूनों और अपराध से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी गयी. पुलिस पदाधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को कानून के प्रति सजग रहने और किसी भी आपराधिक घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया.
महिला और बाल सुरक्षा पर दिया गया जोर
जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े कानूनों की जानकारी दी गयी. पुलिस पदाधिकारियों ने डायन-भूत प्रतिषेध अधिनियम और पॉक्सो एक्ट के बारे में विस्तार से बताया. छात्र-छात्राओं को समझाया गया कि किसी भी तरह के उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में चुप रहने के बजाय तत्काल अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को इसकी सूचना दें.
साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराध से बचाव को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया. पुलिस ने सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, अनजान लोगों से ऑनलाइन संपर्क में सावधानी बरतने और किसी के साथ निजी जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी. विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी और अन्य साइबर अपराध के संभावित तरीकों के प्रति सतर्क रहने को कहा गया.
सड़क सुरक्षा के नियम भी बताये
पुलिस पदाधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के संबंध में भी जानकारी दी. यातायात नियमों का पालन करने, सड़क पार करते समय सावधानी बरतने और वाहन चलाते समय सुरक्षा नियमों का ध्यान रखने की अपील की गयी. विद्यार्थियों को बताया गया कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन स्वयं की सुरक्षा के साथ दूसरों की जिंदगी के लिए भी जरूरी है.
ये भी पढ़ें: 54 लावारिस शवों का अपने खर्च पर कराया अंतिम संस्कार, बैजनाथ सिंह बने मानवता की मिसाल
कई थाना क्षेत्रों के विद्यालयों में हुआ आयोजन
जिले के हरिहरगंज थाना, महिला थाना छतरपुर, पांकी, रेहला, नवगढ़ा ओपी, महिला थाना हुसैनाबाद, हुसैनाबाद थाना, पड़वा, मोहम्मदगंज, ऊंटारी रोड, विश्रामपुर, तरहसी, नवाजयपुर, लठया पिकेट, सदर और मनातू थाना क्षेत्र के विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये गये.
ये भी पढ़ें: पलामू : जेलहाता में देर रात युवक को लगी गोली, एमएमसीएच में चल रहा इलाज
सुरक्षित समाज के निर्माण में विद्यार्थियों की भागीदारी पर जोर
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थियों को कानून की जानकारी होने से वे अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति अधिक सजग बनेंगे. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को कानून के प्रति जागरूक और सजग करना, अपराध से बचाव के उपाय बताना तथा सुरक्षित समाज के निर्माण में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना है. पुलिस की ओर से विद्यार्थियों से अपील की गयी कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी साइबर अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा अन्य कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करें.
